सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य प्रशासन

Agra ताजमहल की आभा पर गंदगी का तमाचा

by morning on | 2025-07-05 17:03:18

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 144


Agra ताजमहल की आभा पर गंदगी का तमाचा



विदेशी पर्यटक की वीडियो ने खोली आगरा प्रशासन की पोल, यमुना किनारे गंदगी से शर्मसार हुआ भारत

Morning City

आगरा जिस ताजमहल को देख दुनिया भारत की तारीफ करती है, उसके पीछे की सच्चाई किसी बदबूदार गटर से कम नहीं। एक विदेशी पर्यटक की सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो ने आगरा के प्रशासन की पोल खोल दी है। वीडियो में साफ दिखता है कि ताजमहल के ठीक पीछे यमुना नदी में शहर की नालियां सीधे गिर रही हैं। चारों ओर गंदगी, प्लास्टिक कचरा और बदबू का आलम है — और यह सब उस विश्व धरोहर के पीछे हो रहा है जिसे देखने करोड़ों लोग हर साल भारत आते हैं।

गर्व को बना दिया शर्म का कारण : वीडियो में विदेशी पर्यटक ने कहा, “ताजमहल को लोग भारत का गौरव कहते हैं, लेकिन इसके पीछे जो मैंने देखा, वह बेहद घिनौना और चौंकाने वाला है।” उन्होंने न सिर्फ यमुना किनारे की गंदगी को दिखाया, बल्कि प्रशासन की उदासीनता पर भी तीखा सवाल उठाया है।

‘स्वच्छ भारत’ ताजमहल तक क्यों नहीं पहुंचा? : कभी प्रधानमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट स्वच्छ भारत अभियान की तस्वीरों में सबसे आगे दिखने वाला ताजमहल, अब उसी स्वच्छता अभियान का सबसे बड़ा मज़ाक बनता जा रहा है। स्थानीय अधिकारी फाइलों में योजनाएं बनाते हैं, लेकिन जमीन पर ताजमहल के पीछे सिर्फ सड़ांध और लापरवाही बिछी हुई है।

ना एएसआई जागा, ना नगर निगम को शर्म आई : भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI), नगर निगम और पर्यावरण विभाग सभी चुप हैं। ताजमहल के सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये पानी की तरह बहाए जाते हैं, लेकिन उसके ठीक पीछे की सच्चाई देखकर लगता है कि इन विभागों को सिर्फ मुख्य गेट की चमक-धमक से मतलब है, पीछे क्या सड़ रहा है — इससे कोई लेना देना नहीं।

पुरानी चेतावनियों की भी उड़ाई गई धज्जियां : यह कोई पहली बार नहीं है जब ताजमहल की सफाई और यमुना प्रदूषण का मुद्दा उठा हो। इससे पहले भी पर्यावरण कार्यकर्ता लिसीप्रिया ने इसी तरह की गंदगी को दिखाकर प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया था। लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात — कुछ दिन दिखावे की सफाई और फिर सब कुछ भुला दिया गया।

क्या ताजमहल को भी विदेशी शर्म दिलाएंगे? : अब सवाल यह उठता है कि क्या भारत की शान ताजमहल को भी सम्मान और स्वच्छता केवल तब मिलेगी जब कोई विदेशी आकर हमारी लापरवाही को कैमरे में कैद कर दुनिया को दिखाएगा? क्या देश को अपनी धरोहर की सफाई की सुध खुद नहीं लेनी चाहिए?

जनता का सवाल, प्रशासन का मौन : सोशल मीडिया पर लोग आगबबूला हैं। स्थानीय निवासी भी कह रहे हैं कि ताजमहल के पीछे यमुना में बहती नालियों की बदबू असहनीय हो चुकी है। लेकिन प्रशासनिक अधिकारी अब भी आंखें मूंदे बैठे हैं। ना तो स्थायी समाधान की कोई योजना दिख रही है, और ना ही कोई ज़िम्मेदारी तय हो रही है। ताजमहल की छवि को गंदगी से बचाना सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, यह भारत की इज्जत का सवाल है। अब भी अगर आगरा प्रशासन नहीं चेता, तो वह दिन दूर नहीं जब ताजमहल पर लगे धब्बे दुनिया के सामने भारत की सफाई व्यवस्था की सबसे शर्मनाक तस्वीर बन जाएंगे।

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment