सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य प्रशासन

Agra News:भाजपा विधायक के रिश्तेदार से विवाद के बाद निगम कर्मचारियों पर मुकदमा, आक्रोश में सफाई कर्मियों की हड़ताल

by morning on | 2025-07-18 17:07:45

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 107


Agra News:भाजपा विधायक के रिश्तेदार से विवाद के बाद निगम कर्मचारियों पर मुकदमा, आक्रोश में सफाई कर्मियों की हड़ताल

भाजपा विधायक के रिश्तेदार से विवाद के बाद निगम कर्मचारियों पर मुकदमा, आक्रोश में सफाई कर्मियों की हड़ताल, शहर में फैला कूड़ा

Morning City

आगराखेड़िया मोड़ क्षेत्र में दुकानदारों और नगर निगम कर्मियों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस द्वारा एकतरफा कार्रवाई करते हुए निगमकर्मियों पर बलवा और लूट जैसी संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने से सफाई कर्मचारियों में जबरदस्त आक्रोश फैल गया है। इस कार्रवाई के विरोध में शुक्रवार सुबह से ही नगर निगम के ड्राइवर, क्लीनर, सफाई कर्मचारी, लिपिक और अन्य कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर दिया। बाल्मीकि महा पंचायत आगरा के अध्यक्ष तख्त चौधरी गौरव वाल्मीकि और कर्मचारी नेता सिकंदर सिंह वाल्मीकि के नेतृत्व में शुरू हुई इस हड़ताल का असर पूरे शहर में दिखाई देने लगा। सुबह 6 बजे से ही सैकड़ों कर्मचारी ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एमएनटी वर्कशॉप पहुंच गए और कूड़ा उठाने वाले वाहनों को बाहर नहीं निकलने दिया। इसके चलते शहर के सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई और सड़कों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आने लगे।

नगर निगम परिसर में भी तालाबंदी

सफाई कर्मचारी इसके बाद नगर निगम मुख्यालय पहुंचे, जहां सभी विभागों में ताले डाल दिए गए और परिसर में ही धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त, अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, ZSO जितेंद्र कुमार व SFI संजीव यादव के समझाने की कोशिश को खारिज कर दिया और सभी अधिकारियों को बैरंग लौटना पड़ा। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि निगम कर्मचारियों पर दर्ज मुकदमा तत्काल वापस लिया जाए और जिन दुकानदारों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली व कर्मचारियों से मारपीट की, उनके खिलाफ हरिजन एक्ट और सरकारी कार्य में बाधा की धाराओं में मामला दर्ज किया जाए।

बल्केश्वर मेला भी प्रभावित करने की चेतावनी

कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो बल्केश्वर मेले में भी सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। कर्मचारियों ने कहा कि अगर उनका मुकदमा वापस नहीं लिया गया या दुकानदारों पर केस दर्ज नहीं हुआ, तो विधायक के आवास और थाना परिसर का घेराव भी किया जाएगा। प्रदर्शन में शिवम चौहान, विवेक नरवार, संजय औचिया, राहुल चौहान, हर्ष वाल्मीकि, अरुण कुमार, सोनू सिंह, भारत चौहान, साहिल चौहान, रजत चौधरी, पवन चौधरी, अमन डागौर, रंजीत सिंह, लाला भाई, बाबूलाल सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी शामिल रहे। कर्मचारी नेता सिकंदर सिंह वाल्मीकि और विनोद इलाहाबादी ने कहा कि जब तक मुकदमा वापस नहीं होता या दुकानदारों के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं होती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी और नगर निगम के किसी भी विभाग में कोई काम नहीं होगा। इस हड़ताल से नगर निगम की व्यवस्था चरमराने लगी है और शहर में गंदगी का अंबार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन के लिए यह मामला एक नई चुनौती बनकर सामने आया है।

Additional Image
खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment