सब्सक्राइब करें
शहर और राज्य हादसा

Agra News:ऑपरेशन उटंगन :जिलाधिकारी ने बताया जीवन का सबसे कठिन रेस्क्यू अभियान,12 शवों की सफल बरामदी

by morning on | 2025-10-08 16:14:02

Share: Facebook | Twitter | Whatsapp | Linkedin Visits: 55


Agra News:ऑपरेशन उटंगन :जिलाधिकारी ने बताया जीवन का सबसे कठिन रेस्क्यू अभियान,12 शवों की सफल बरामदी



खेरागढ़ के ऊंटगन नदी डूबने की दुःखद घटना में प्रशासन और सुरक्षा बलों की तत्परता सराहनीय

Morning City

आगराजिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने आज कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान “ऑपरेशन उटंगन” के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे कठिन और भावनात्मक बचाव अभियान था। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर 2025 को खेरागढ़ क्षेत्र के ग्राम कुसियापुर/डूंगरवाला के पास ऊंटगन नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान 13 युवक डूब गए थे, जिसमें स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से एक युवक विष्णु को बचा लिया गया। जिलाधिकारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि ऑपरेशन अत्यंत जटिल और चुनौतीपूर्ण था। नदी की गहराई, तेज बहाव और मिट्टी की परतों ने बचाव कार्य को कठिन बना दिया। प्रारंभिक प्रयास विफल होने के बाद इसे रणनीतिक तरीके से संचालित किया गया। पड़ोसी जनपदों, भरतपुर, करौली और धौलपुर के जिलाधिकारियों से तत्काल संपर्क कर नदी में पानी छोड़े जाने पर रोक लगवाई गई। साथ ही सिंचाई विभाग, पंचायतराज विभाग, नगर विकास और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से अस्थायी मिट्टी के तटबंध बनाए गए, जिससे जलस्तर नियंत्रित हुआ।

जिलाधिकारी ने बताया कि सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की विशेषज्ञ गोताखोर टीमें लगातार कार्यरत रहीं। आवश्यकतानुसार मर्चेंट नेवी के विशेषज्ञों से तकनीकी परामर्श लिया गया और मेटल रॉड्स, प्रेशर पाइप्स और कम्प्रेशर एयर तकनीक का उपयोग किया गया। इस तकनीकी मदद से नदी की तलहटी तक पहुँच बनाई गई और सभी 12 मृतकों के शव दिनांक 7 अक्टूबर 2025 को सुरक्षित बरामद किए गए। उन्होंने कहा कि कुछ शव गाद की परतों के नीचे दबे हुए थे, जिन्हें निकालने में अत्यधिक सावधानी बरती गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा ऑपरेशन की प्रगति पर लगातार नजर रखी जा रही थी। उन्होंने एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना की 411वीं पैराफील्ड कम्पनी, पीएसी, स्थानीय पुलिस, मीडिया, जनप्रतिनिधि, मंत्री पर्यटन एवं संस्कृति विभाग तथा ग्रामीण जनता के सभी योगदानकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन में शामिल सभी कर्मचारियों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यह अभियान प्रशासनिक दृढ़ संकल्प, तकनीकी विशेषज्ञता और मानवीय संवेदना का उदाहरण है। ऑपरेशन के दौरान दिन-रात निरंतर प्रयास किए गए और सभी सुरक्षा बलों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह कठिन अभियान सफलतापूर्वक पूरा हुआ। इस ऑपरेशन ने न केवल प्रशासन की तत्परता और सामूहिक प्रयास को उजागर किया बल्कि जनता और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को भी मजबूत किया।

खोज
ताज़ा समाचार
टॉप ट्रेंडिंग
सबसे लोकप्रिय

Leave a Comment