Agra News: उड़ीसा से आगरा तक फैला था गांजे का नेटवर्क, एएनटीएफ और पुलिस ने दबोचे दो अंतरराज्यीय तस्कर

personसंपादकीय टीम
calendar_today12 Feb 2026, 10:39 pm
location_onAgra
आगरा। कमिश्नरेट पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना ट्रांस यमुना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मादक पदार्थों की तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। टीम ने 24 किलो अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 25 हजार रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त, कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त नगर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। शहर में अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 11 फरवरी की रात एएनटीएफ आगरा जोन और ट्रांस यमुना थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हाथरस रोड स्थित ईंट मंडी के पास दो युवक अवैध मादक पदार्थ की खेप लेकर सप्लाई के लिए आने वाले हैं।
सूचना पर तत्काल घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध हालत में मिले दो युवकों को रोककर हिरासत में लिया। सहायक पुलिस आयुक्त, छत्ता की मौजूदगी में तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 24 किलोग्राम गांजा, एक ट्रॉली बैग और दो मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मनोज कुमार पुत्र रामपाल सिंह निवासी ग्राम मोहकमपुर, घुनाई, थाना लोधा जनपद अलीगढ़ तथा जाकिर पुत्र सफी मोहम्मद निवासी कस्बा जलालपुर, थाना रोरावर, जनपद अलीगढ़ के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को बताया कि वे काफी समय से उड़ीसा से गांजा लाकर आगरा, अलीगढ़ और मथुरा में सप्लाई कर रहे थे। वे छोटे-छोटे बैगों में मादक पदार्थ को ट्रेन और बस के जरिए लाते थे और फिर स्थानीय स्तर पर फुटकर में बेच देते थे। आपसी संपर्क के लिए व्हॉट्सऐप कॉल का उपयोग करते थे, जबकि पैसों का लेन-देन नकद में किया जाता था, ताकि किसी तरह का डिजिटल रिकॉर्ड न बन सके।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और चैटिंग की जांच की जा रही है, जिससे सप्लाई चेन के अन्य कड़ियों तक पहुंचा जा सके। सहायक पुलिस आयुक्त छत्ता ने बताया कि शहर में मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इस तरह के अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा। कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं शहर में नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में इसे बड़ी सफलता माना जा रहा है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi