Firozabad News: अपराधियों पर सख्ती, शातिर अपराधी सत्ते उर्फ सत्यवीर तीन माह के लिए जिलाबदर
personसंपादकीय टीम
calendar_today24 Feb 2026, 10:25 pm
location_onFirozabad
Morning City
फिरोजाबाद। जनपद में आदतन अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में थाना पचोखरा पुलिस ने शातिर अपराधी सत्ते उर्फ सत्यवीर को तीन माह के लिए जिलाबदर कर दिया है। पुलिस ने विधिवत नोटिस तामील कराने के बाद उसे जनपद की सीमा से बाहर छोड़ा। पुलिस के अनुसार सत्ते उर्फ सत्यवीर पुत्र बलवीर सिंह निवासी गढ़ी निर्भय थाना पचोखरा के विरुद्ध गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या और साक्ष्य मिटाने से संबंधित धारा 302 व 201 भादवि के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2022 में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत भी उसके विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलिप्तता को देखते हुए उसके विरुद्ध जिलाबदर की कार्रवाई की गई।
Morning City
एसएसपी के आदेश के अनुपालन में थाना पचोखरा पुलिस टीम ने आरोपी को नोटिस तामील कराकर तीन माह की अवधि के लिए जनपद फिरोजाबाद की सीमा से बाहर, जनपद आगरा की सीमा में छोड़ा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिलाबदर अवधि के दौरान यदि अभियुक्त जनपद फिरोजाबाद की सीमा में पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आदतन अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकतानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
