Alighar News: सस्पेंड इंस्पेक्टर अनुज की गुमशुदी पर मां का आरोप, हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका
personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Feb 2026, 09:10 pm
location_onAlighar
अलीगढ़। सस्पेंडेड इंस्पेक्टर अनुज कुमार की मां सुशीला ने अपने बेटे की मौत को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुशीला का कहना है कि उनका बेटा पुलिस लाइन अलीगढ़ में तैनात था और पिछले कुछ समय से सस्पेंड चल रहा था। परिवार को उसके सस्पेंशन और गायब होने की जानकारी समय पर नहीं दी गई।
सुशीला के अनुसार, उन्हें बेटे के सस्पेंड होने की जानकारी गांव में आए एक पत्र से मिली, जिसके बाद वो गाजियाबाद से अलीगढ़ पहुंचीं। उन्होंने पुलिस लाइन, जीडी ऑफिस, एसएसपी कार्यालय और एसएसपी आवास पर जाकर बेटे के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। उनका आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें इधर-उधर भटकाया और बेटे के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया।उन्होंने बताया कि जब वो बेटे के किराए के मकान पर पहुंचीं तो वहां सामान बिखरा पड़ा था और तोड़फोड़ के निशान थे। कपड़ों पर खून के धब्बे होने का भी दावा किया गया है। इसके बाद परिवार ने महुआ खेड़ा थाना क्षेत्र और धनीपुर चौकी सहित कई जगहों पर जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन कोई ठोस सूचना नहीं मिली।सुशीला का कहना है कि करीब डेढ़ महीने बाद उन्हें बताया गया कि उनके बेटे का शव रेलवे ट्रैक पर मिला था। उनका आरोप है कि परिवार को न तो शव की शिनाख्त के लिए बुलाया गया और न ही उन्हें कोई आधिकारिक जानकारी दी गई।इंस्पेक्टर अनुज की मां ने पूर्व एसएसपी संजीव सुमन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बेटे को पुलिसकर्मियों द्वारा घर से उठाया गया, रास्ते में मारपीट की गई और बाद में उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया।उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है।फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
