Hathras News: पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
personसंपादकीय टीम
calendar_today10 Apr 2026, 10:01 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस। पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी टीम और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी रूद्र पाठक पुत्र रवि पाठक निवासी रामलीला ग्राउंड तथा वंश दीक्षित पुत्र विचित्र दीक्षित निवासी श्याम कुंज कॉलोनी पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।पुलिस के अनुसार शुक्रवार को सूचना मिली कि दोनों आरोपी अलीगढ़ से सासनी की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर सासनी बॉर्डर, वन चेतना केंद्र और शक्ति वन के पास चेकिंग अभियान चलाया गया। हनुमान चौकी के पास संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने मोटरसाइकिल से भागने की कोशिश की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी घायल हो गए।मौके से पुलिस ने एक चोरी की बुलेट मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इससे पहले इस मामले में एक अन्य आरोपी शुभम उर्फ माइटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।गौरतलब है कि 6 अप्रैल की रात को पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा की हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। मृतक की बहन नीतू शर्मा ने कमल शर्मा और गौरव शर्मा पुत्र हरीश शर्मा उर्फ कुल्लू पहलवान निवासी दिल्ली वाला चौक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन कर जांच शुरू की थी। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।


