Mainpuri News: लू के थपेड़ो से जनजीवन अस्त व्यस्त 46 डिग्री पहुंचा तापमान, अब तो रातें भी हो रही गरम
personसंपादकीय टीम
calendar_today23 May 2026, 10:13 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। भीषण गर्मी के लिए बिख्यात ज्येष्ठ माह में पड़ रहीं भीषण गर्मी और तेज लू के थपेड़ों ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पर स्थिर रहा, जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ यह 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
शनिवार को चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग अत्याधिक आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले। वहीं बाजारों में भी ग्राहकी प्रभावित रही और सामान्य दिनों की तुलना में भीड़ काफी कम नजर आई। गर्मी का असर इतना तेज रहा कि सुबह से ही लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया।
www.morningcity.in
शाम के समय आसमान में बादल छाए
हालांकि शाम करीब चार बजे के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला और आसमान में बादल छा गए, लेकिन गर्म हवाओं का असर कम नहीं हुआ, जिससे लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली। जिला अस्पताल में तैनात फिजीशियन डा. हर्ष दीक्षित ने बताया कि हीट वेव से बचने के लिए दोपहर में धूप में निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें। हल्के सूती कपड़े पहनें। शरीर में कमजोरी, चक्कर या उल्टी महसूस होने पर तुरंत छांव में आराम करें और चिकित्सकीय सलाह लें।
Morning City
गर्मी में यह बरतें सावधानी
- बार-बार पानी पीते रहें।
- धूप में निकलने पर छाता लगाएं।
- धूप में निकलने पर सिर पर कपड़ा रखें।
- नींबू पानी, छाछ, फलों का जूस पिएं।
- प्रचुर मात्रा में पानी वाले फल व सब्जी खाएं।
- जंक फूड व मसालेदार खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।

क्या बोले मौसम वैज्ञानिक
गर्म हवा के साथ लू के थपेड़े तेज हो गए हैं और धूप भी लगातार तीखी बनी हुई है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बरसात होने पर ही लू और गर्मी से राहत मिलेगी।- नरेंद्र वर्मा, मौसम वैज्ञानिक मैनपुरी।
