मैनपुरी पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा पर साधा निशाना पहलगाम आतंकी हमला सरकार की विफलता
personसंपादकीय टीम
calendar_today25 Apr 2025, 04:21 pm
location_on???????
Morning City
मैनपुरी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहलगाम आतंकी हमले को भाजपा सरकार और खुफिया तंत्र की विफलता करार दिया है। उनका कहना है कि सरकार ने आतंकवादी हमले न होने का लोगों को भरोसा दिलाया था। इसी भरोसे के तहत लोग वहां गए और उनकी जान चली गई। यह लोग अब कभी लौटकर नहीं आएंगे। लेकिन सरकार को ठोस कदम उठाने पड़ेंगे।
दन्नाहार क्षेत्र के गांव खिरिया में श्रीपाल सिंह यादव की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे अखिलेश यादव ने यहां मंच से भाजपा सरकार को खूब कोसा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और आतंकवादियों के अलावा इनके मददगारों पर भी कार्रवाई करनी होनी चाहिए। सब जानते हैं, बच्चा-बच्चा कुछ महसूस कर रहा है। लेकिन कोई कुछ कह नहीं रहा। सुरक्षा में नाकामी क्यों हुई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। इसकी जांच भी होनी चाहिए। लेकिन बीजेपी के लोग इस पर राजनीति न करें।
जिम्मेदार लोगो पर कार्रवाई की जाएं
अखिलेश यादव ने कहा कि पीएम ने खुद कड़ी कार्रवाई के लिए कह दिया है। वहां कई एजेंसी काम कर रही है। इंटेलिजेंस भी है, स्टेट पुलिस भी थी। यह घटना साजिश है और इसमें किसका हाथ है यह पता किया जाए और जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई की जाए। भाजपा सरकार आतंकवादियों और इनका साथ देने वालों पर ठोस कार्रवाई करे। अखिलेश यादव ने कहा कि घटना बेहद दुखद है। इसके संबंध में सभी दलों ने भाजपा सरकार को अपना समर्थन दिया है।
पहले भी हुई है इस तरीके की घटनाएं
अखिलेश ने कहा कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। मगर, वे बात को बढ़ाना नहीं चाहते। कश्मीर के लोग नहीं चाहते कि इस तरह की घटना हो। कश्मीर के लोग भी घटना के विरोध में हैं और प्रदर्शन कर रहे हैं। कश्मीर के लोगों का भरण पोषण पर्यटन से होता है। वे लोग कभी नहीं चाहते कि इस तरह की घटनाएं हो। आतंकवाद को जड़ से खत्म किया जाए। इसके लिए सरकार को कठोर कदम उठाने पड़ेंगे।
भारी संख्या में जुटे समर्थक
दन्नाहार क्षेत्र के ग्राम खिरिया में श्रीपाल सिंह यादव की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे अखिलेश यादव के आने की सूचना पाते ही भारी संख्या में सपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने भी यहां कड़े सुरक्षा इंतजाम किए। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव आदि मौजूद रहे।
