Agra News: तालाब में युवक की लाश मिलने से सनसनी, पांच घंटे बाद युवती ने भी लगाई छलांग समय रहते बचाई गई युवती की जान
personसंपादकीय टीम
calendar_today6 Mar 2026, 10:06 pm
location_onAgra
दोनों मामलों की जांच में जुटी पुलिस
आगरा। फतेहपुर सीकरी में शुक्रवार को ग्वालियर गेट स्थित प्राचीन तालाब के पास उस समय सनसनी फैल गई जब सुबह एक युवक का शव तालाब में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की। इसी बीच करीब पांच घंटे बाद उसी तालाब में एक युवती ने भी छलांग लगा दी। हालांकि स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से युवती को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। फिलहाल पुलिस दोनों घटनाओं को लेकर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह ग्वालियर गेट के पास स्थित प्राचीन तालाब में लोगों ने एक युवक का शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान 19 वर्षीय अमन पुत्र पप्पू, निवासी मोहल्ला बनी इसराइल के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पंचनामा भरकर शव उन्हें सौंप दिया गया।
Morning City
पुलिस के अनुसार मृतक अमन ने कुछ दिन पहले भी दरगाह के पास स्थित शाही तालाब में कूदने की कोशिश की थी। इस कारण पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इसी बीच पुलिस इस मामले की पड़ताल कर ही रही थी कि दोपहर करीब एक बजे सूचना मिली कि एक युवती ने भी ग्वालियर गेट स्थित उसी प्राचीन तालाब में छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से युवती को तालाब से बाहर निकाल लिया। समय रहते बचाव हो जाने से युवती की जान बच गई। युवती की पहचान 21 वर्षीय उषा पुत्री दौलतराम, निवासी कीली खाना के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की सूचना उसके परिजनों को दे दी है। फिलहाल युवती की हालत सामान्य बताई जा रही है। एक ही दिन में तालाब से जुड़ी इन दो घटनाओं से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की अलग-अलग जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
