Mainpuri News: महिला से दोस्ती, प्यार फिर धोखा मैट्रिमोनियल साइट पर दोस्ती करके महिला से दुष्कर्म किया
personसंपादकीय टीम
calendar_today31 Oct 2026, 10:24 pm
location_onMainpuri
वीडियो भी बनाया, ब्लैकमेल कर 50 लाख से अधिक की ठगी
मैनपुरी। पति की मृत्यु हो जाने के बाद दो बच्चों का पालन-पोषण कर रही सरकारी विभाग में तैनात महिला कर्मी को मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर दोस्ती करना भारी पड़ गया। कानपुर के रहने वाले आरोपी ने खुद को गुजरात का बड़ा व्यावसायी बताकर पहले महिला को प्रेमजाल में फंसाया। फिर घर पहुंचकर नशीला पदार्थ खिलाकर महिला और उसके बच्चों को अचेत कर दिया। महिला के साथ दुष्कर्म कर अश्लील वीडियो बनाया। वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर आभूषण और कर्ज के रूप में 50 लाख रुपये से अधिक की रकम हड़प ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर की एक कालोनी निवासी विधवा महिला ने न्यायालय के आदेश पर कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया है। बताया कि वह सरकारी कर्मचारी हैं। वर्ष 2021 में पति की मृत्यु के बाद वह दो बच्चों के साथ रह रही थीं। जनवरी 2023 में मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर उनकी बातचीत कानपुर के मंगला बिहार निवासी नितिन यादव से शुरू हुई। उसने खुद को गुजरात का बड़ा व्यावसायी बताया। शातिर ने प्रेमजाल में फंसा लिया और इसके बाद आरोपी ने एक दिन घर आकर और नशीला पदार्थ पिलाकर उन्हें और बच्चों को अचेत कर दिया। अचेत होने के बाद उसने दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर अश्लील वीडियो बना लिया।

अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
कुछ दिन बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया जाने लगा। दबाव में आकर उन्हें शहर के एक रेस्टोरेंट में आरोपी से शादी करनी पड़ी। इसके बाद मुथूट फाइनेंस में करीब 40 लाख रुपये के आभूषण गिरवी रखवाकर रकम हड़प ली। बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर 12 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण भी करवा लिया। आरोपी के एयरफोर्स से रिटायर्ड पिता से शिकायत की तो उसने भी जान से मारने की धमकी दी। महिला ने बताया कि आरोपी पहले भी अपनी पत्नी के साथ इसी तरह की धोखाधड़ी कर चुका है। इंस्पेक्टर ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
