Mainpuri News: भाजपा नेता किशन दुबे की जमानत फिर टली! पुलिस ने आपराधिक इतिहास खंगालने के लिए मांगा समय
personसंपादकीय टीम
calendar_today30 Sept 2026, 11:08 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। आर्म्स एक्ट के मुकदमे से जुड़ी तारीख पर कोर्ट न जाने वाले भाजपा नेता किशन दुबे की बुधवार को भी जमानत नहीं हो सकी। किशन के जमानत प्रार्थना पत्र पर पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई तो पुलिस ने आपराधिक इतिहास पता करने के लिए समय मांग लिया। कोर्ट ने पुलिस के प्रार्थना पत्र को मंजूर कर लिया और समय दे दिया। अब आज गुरुवार को इस मामले में जमानत के फैसले पर सुनवाई होगी।
www.morningcity.in
ज्ञात हो कि भाजपा नेता को तीन दिन पहले कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा है। शहर के गोपाल नगर निवासी भाजपा नेता किशन दुबे के विरुद्ध वर्ष 2008 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा कोतवाली में दर्ज हुआ था। इस मुकदमे की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। भाजपा नेता किशन कोई भी तारीख पर नहीं जा रहे थे। कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी के वारंट जारी कर दिए थे। सोमवार को पुलिस ने उन्हें आवास से गिरफ्तार किया और कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस
जमानत पर सुनवाई के लिए बुधवार को तारीख लगी थी लेकिन कोतवाली पुलिस ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया और किशन के खिलाफ अंतर्जनपदीय मुकदमों का हवाला देकर और आपराधिक इतिहास पता करने के लिए समय मांग लिया। अब किशन की जमानत की अर्जी पर आज सुनवाई की तारीख कोर्ट के न्यायाधीश द्वारा लगाई गई है। बुधवार को भी ये मामला शहर में चर्चा का विषय बना रहा।
