Mainpuri News: 20 हजार के इनामी को पुलिस ने किया गिरफ्तार गैंगस्टर एक्ट के मामले में चल रहा था वांछित
personसंपादकीय टीम
calendar_today26 Mar 2026, 10:45 pm
location_onMainpuri
गैंगस्टर एक्ट के मामले में चल रहा था वांछित, आरोपी पर 10 मुकदमा दर्ज
मैनपुरी। दन्नाहार थाना पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। उस पर विभिन्न गंभीर धाराओं में करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
www.morningcity.in
प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र पाल सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर बरनाहल-मैनपुरी रोड पर ग्राम भागपुर मोड़ के पास से आरोपी शिशुपाल पुत्र सरमन सिंह निवासी गोकुलपुर थाना कुरावली को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी शिशुपाल के खिलाफ पहले से ही हत्या, दुष्कर्म, अपहरण, गैंगस्टर एक्ट और आयुध अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके अतिरिक्त, आबकारी अधिनियम के तहत भी उस पर कई मामले दर्ज हैं, जो उसके विस्तृत आपराधिक इतिहास को दर्शाते हैं।
Morning City
क्या बोले सीओ सिटी
सीओ सिटी संतोष कुमार ने बताया कि दन्नाहार थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामले में दो अभियुक्त नामजद थे। इनमें से शिशुपाल पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के साथी दूसरे नामजद अभियुक्त की तलाश जारी है और पुलिस जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लेगी।

