Mainpuri News: शराब ठेका बंद कराने के लिए डीएम ऑफिस पहुंची महिलाएं
personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Jul 2026, 10:34 pm
location_onMainpuri
महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन, आबकारी विभाग करेगा जांच
मैनपुरी। दन्नाहार थाना क्षेत्र की ग्रामसभा नौनेर के गांव गढ़िया के मुख्य मार्ग पर खोले गए नए शराब ठेका का महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया है। महिलाओं ने जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र देकर ठेका बंद कराने की मांग की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग इस मामले की जांच करेगा। महिलाओं का आरोप है कि ठेका खुलने के बाद गांव का माहौल खराब हो गया है, जिससे महिलाएं और छात्राओं की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है।
Morning City
महिलाओं ने डीएम को बताया कि गांव और आसपास के क्षेत्र में पहले से ही शराबखोरी की समस्या बनी हुई है। शराब के नशे में आए दिन घरेलू हिंसा, मारपीट और आपसी विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। अब गांव के मुख्य मार्ग पर शराब का ठेका खुल जाने से यह समस्या और गंभीर हो गई है। ठेके पर शराब पीने वाले शराबियों के कारण महिलाओं, छात्राओं और छोटी बच्चियों को रास्ते से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार अभद्र व्यवहार और भद्दी-भद्दी गालियां देने के कारण उनमें भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि मुख्य मार्ग पर शराब की दुकान होने से गांव के युवाओं और कम उम्र के किशोरों में भी शराब पीने का चलन बढ़ रहा है। इससे उनके स्वास्थय, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च
महिलाओं का कहना है कि मजदूरी करके परिवार चलाने वाले कई लोग अपनी कमाई का बड़ा हिस्सा शराब पर खर्च कर देते हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। बच्चों की पढ़ाई, इलाज और घरेलू जरूरतों के लिए पर्याप्त धन नहीं बच पाता, जिसका सीधा असर पूरे परिवार पर पड़ रहा है। महिलाओं ने डीएम से जनहित, महिला सुरक्षा और सामाजिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए गांव के मुख्य रास्ते से शराब का ठेका हटाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो ग्रामीणों को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
डीईओ को मामले की जांच सौंपी गई
मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जिला आवकारी अधिकारी हितेंद्र शेखर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। जिला आवकारी अधिकारी हितेंद्र शेखर ने बताया कि शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी की जानकारी मिली है। वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच करेंगे। जांच के दौरान यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

