Mainpuri News: अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद मैनपुरी भी प्रदर्शन
personसंपादकीय टीम
calendar_today22 Jul 2026, 10:13 pm
location_onMainpuri
सपा कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई
मैनपुरी। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत अन्य नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में मंगलवार की देर रात्रि शहर में भी सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए।
www.morningcity.in
मंगलवार की रात्रि को सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य व किशनी विधायक बृजेश कठेरिया के नेतृत्व में धरना शुरू हुआ। ईशन नदी गोल चक्कर पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, लोहिया वाहिनी, महिला सभा और छात्र सभा के कार्यकर्ता एकत्र हुए। हाथों में पार्टी के झंडे और सिर पर लाल टोपी लगाए कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात अचानक शुरू हुए प्रदर्शन से जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर आ गया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज को दबाया जा रहा है और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेकर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया जा रहा है।
शांतिपूर्ण प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार
सपा प्रदेश सचिव महाराज सिंह शाक्य ने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन दिल्ली में उनके साथ पुलिस ने बल प्रयोग किया। उनका आरोप था कि जब छात्रों के समर्थन में अखिलेश यादव सहित विपक्षी नेता पहुंचे तो उन्हें भी हिरासत में ले लिया गया। उन्होने कहा कि इससे पहले मैनपुरी सांसद डिंपल यादव को भी दिल्ली में हिरासत में लिया गया था। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करती है।

