Hathras News: फौजी हत्याकांड में बड़ी सफलता, हरियाणा से इनामी मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवैध असलाह बरामद
personसंपादकीय टीम
calendar_today16 Feb 2026, 09:43 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर पांच फरवरी को दिनदहाड़े हुई फौजी अखिलेश कुमार की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विक्रम उर्फ विक्की और कमलकांत उर्फ केके पंडित को हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के पीपली थाना क्षेत्र से अपराध शाखा ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के कब्जे से एक देसी पिस्टल, एक तमंचा, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्हें जेल भेज दिया गया है और अब बी-वारंट पर हाथरस लाकर रिमांड पर पूछताछ की जाएगी। सादाबाद क्षेत्र के गांव समदपुर निवासी 28 वर्षीय अखिलेश कुमार भारतीय सेना की 509 बटालियन, आगरा में इंजीनियरिंग कोर में तैनात थे। पांच फरवरी को वह एक पुराने मुकदमे की तारीख पर हाथरस कोर्ट आए थे। पेशी के बाद दोपहर में आगरा लौटते समय बढ़ार चौराहे से आगे ईको कार सवार हमलावरों ने उनकी कार में टक्कर मारकर रोक लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। जान बचाने के लिए अखिलेश कार से निकलकर भागे, लेकिन करीब 400 मीटर तक पीछा कर हमलावरों ने उन्हें गोली मारकर गिरा दिया और कई गोलियां दागकर मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के पीछे पुरानी रंजिश बताई जा रही है। अखिलेश ने चार वर्ष पूर्व विक्रम की ममेरी बहन निधि से प्रेम विवाह किया था। इसी को लेकर विक्रम रंजिश रखता था और एक वर्ष पूर्व उसने मारपीट का मुकदमा भी दर्ज कराया था। फौजी की बहन डौली की तहरीर पर विक्रम, कमलकांत सहित दस नामजद और कुछ अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विक्रम सादाबाद कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी बताया गया है। मुख्य आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अब शेष छह आरोपितों की तलाश में हाथरस पुलिस के साथ एसटीएफ आगरा और नोएडा की टीमें सक्रिय हैं। शहीद जवान की पत्नी निधि ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी और विवेचना बदलने की मांग की थी, जिसके बाद मामला क्राइम ब्रांच को सौंपा गया। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। दिनदहाड़े फौजी की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश है और अब सबकी निगाहें बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं।
