Agra News: नामकरण संस्कार में विवाद के बाद मारपीट, चिट्ठी छोड़कर पति लापता
personसंपादकीय टीम
calendar_today7 Mar 2026, 11:20 pm
location_onAgra
आगरा। थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में बच्चे के नामकरण संस्कार के दौरान पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि पति ने पत्नी की पिटाई कर दी, जिसके बाद मायके पक्ष के लोग घर पहुंच गए और पति की पिटाई कर दी। घटना के बाद पति चिट्ठी छोड़कर घर से लापता हो गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीता नगर निवासी अभिषेक ठाकुर की शादी करीब डेढ़ साल पहले मोती बगीची, लंगड़े की चौकी निवासी वंशिका सिकरवार से हुई थी। अभिषेक निजी कंपनी में नौकरी करता है। वंशिका ने 21 फरवरी को बेटे को जन्म दिया था। गुरुवार को घर में बच्चे का नामकरण संस्कार होना था, इसी दौरान पति-पत्नी के बीच कहासुनी हो गई। वंशिका का आरोप है कि अभिषेक अक्सर नशे की हालत में उससे मारपीट करता है और इसको लेकर पहले भी कई बार पंचायत हो चुकी है। गुरुवार को भी विवाद बढ़ने पर अभिषेक ने उसे लात-घूंसों और चप्पल से पीट दिया, जिससे ऑपरेशन के टांके खुल गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद उसने अपने मायके पक्ष को सूचना दी।
Morning City
दूसरी ओर अभिषेक के पिता जितेंद्र भदौरिया का आरोप है कि बहू वंशिका ने अपने पिता विक्रम सिंह और भाई वंश को फोन कर दिया। इसके बाद वे शाम करीब पांच बजे कार से घर पहुंचे और लाठी-डंडों के साथ घर में घुसकर अभिषेक को अकेला पाकर उसकी पिटाई कर दी। यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना के बाद शुक्रवार तड़के अभिषेक घर से लापता हो गया। जाने से पहले उसने घर में एक चिट्ठी छोड़ दी, जिसमें लिखा है कि “मुझे मार डालो या मुझे न्याय दिलाओ। ऐसे लोगों की वजह से ही लड़के मर जाते हैं या मार दिए जाते हैं। मेरे बच्चों को मेरी मां को दिया जाए।” चिट्ठी में उसने पत्नी और उसके मायके पक्ष पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है। मामले में एसीपी छत्ता शेषमणि उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता अभिषेक की तलाश भी की जा रही है।
