Agra News: चाचा ढाबा पर रंगबाजी में गोलियां, पैर में गोली लगने के बाद भी संचालक ने दबोचा आरोपी
personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Feb 2026, 10:34 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र के अर्जुन नगर तिराहे के पास स्थित चाचा ढाबा पर शुक्रवार देर रात रंगबाजी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट और फायरिंग हो गई। घटना में ढाबा संचालक जब्बार उस्मानी के पैर में गोली लग गई। हैरानी की बात यह रही कि घायल होने के बावजूद उन्होंने हिम्मत दिखाते हुए फायरिंग करने वाले युवक को पकड़ लिया और लोगों की मदद से उसके हाथ से पिस्टल छीन ली। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पहले तीन युवक ढाबे पर खाना खाने आए थे। कुछ देर बाद तीन अन्य युवक वहां पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई। ढाबे के कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को बाहर निकाल दिया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दो राउंड फायर हुए। एक गोली ढाबा संचालक जब्बार उस्मानी के पैर में लगी, जबकि दूसरी सड़क के डिवाइडर से टकराई। गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। जब्बार उस्मानी ने बताया कि कुछ युवक पहले से बैठे ग्राहकों को निशाना बनाकर आए थे। हाथापाई के बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। गोली लगने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और मौके पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर आरोपी को दबोच लिया। भीड़ जुटने के बाद युवक के हाथ से पिस्टल छीन ली गई। सूचना मिलते ही सराय ख्वाजा चौकी और थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे खतरे से बाहर बताया है। पुलिस ने मौके से पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लिया और दबिश देकर उसके एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार कर लिया। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
Morning City
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दो व्यक्तियों ने ढाबे पर खाना खा रहे अन्य युवकों के साथ मारपीट की थी और एक अन्य युवक द्वारा बाहर से पत्थर भी फेंके गए। ढाबा संचालक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और फायरिंग कर दी। मामले में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
