Firozabad News: चार घंटे में अपहृत दो वर्षीय मासूम सकुशल बरामद

personसंपादकीय टीम
calendar_today24 Feb 2026, 09:42 pm
location_onFirozabad

Morning City

टूंडला। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन क्षेत्र से दो वर्षीय मासूम बच्ची सीता के अपहरण की सूचना मिलते ही मंगलवार को रेलवे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी कानपुर और आरपीएफ की टीमों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए स्टेशन परिसर और प्लेटफार्मों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। प्राथमिक जांच में मिले सुरागों के आधार पर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया, जिसमें एक संदिग्ध की गतिविधियां सामने आईं। सटीक सूचना तत्काल जीआरपी टूंडला को प्रेषित की गई। सूचना मिलते ही टूंडला जंक्शन पर तैनात जीआरपी टीम हरकत में आ गई और स्टेशन परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
समन्वित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि लगभग चार घंटे के भीतर मासूम बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार बच्ची पूरी तरह सुरक्षित है और उसे परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना 23 फरवरी को सामने आई थी और उसी दिन दोनों थानों के बीच बेहतर तालमेल से सकारात्मक परिणाम प्राप्त हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और संदिग्ध से पूछताछ जारी है। इस सफल अभियान में जीआरपी कानपुर, आरपीएफ, जीआरपी टूंडला तथा सीबीआई आरपीएफ अलीगढ़ की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने बताया कि त्वरित निर्णय, तकनीकी निगरानी और टीमों के बेहतर समन्वय के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। मासूम की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया। रेलवे स्टेशन जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi