Firozabad News: प्लेटफॉर्म पर मिला लावारिस बैग, ‘दिल्ली ओनली सेल’ शराब बरामद
personसंपादकीय टीम
calendar_today26 Feb 2026, 10:42 pm
location_onFirozabad
Morning City
टूंडला। रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को प्लेटफॉर्म संख्या 5/6 से एक संदिग्ध लावारिस बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें ‘दिल्ली ओनली सेल’ अंकित अंग्रेजी शराब की पांच बोतलें बरामद हुईं। बरामदगी के बाद स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए हलचल मच गई। थाना प्रभारी मोनू आर्य ने बताया कि संयुक्त टीम नियमित चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म के पूर्वी छोर पर एक सीट पर लावारिस हालत में रखा बैग दिखाई दिया। सुरक्षा की दृष्टि से बैग को कब्जे में लेकर आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी उस पर अपना दावा नहीं किया।
Morning City
पुलिस ने बैग खोलकर जांच की तो उसमें ‘दिल्ली ओनली सेल’ लिखी अंग्रेजी शराब की पांच बोतलें मिलीं। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि शराब को अवैध रूप से दूसरे राज्य में ले जाने की तैयारी थी। पुलिस ने शराब को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि उक्त शराब स्टेशन परिसर तक कैसे पहुंची और उसे वहां किसने छोड़ा। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संबंधित व्यक्ति की पहचान की जा सके। जीआरपी और आरपीएफ ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
