Mahoba News: अजय राय के बयान पर बवाल, अमर्यादित टिप्पणी मामले में मुकदमा दर्ज
personसंपादकीय टीम
calendar_today23 May 2026, 10:40 pm
location_onMahoba
वायरल वीडियो के बाद सियासी घमासान, भाजपा ने जताया कड़ा विरोध, पुलिस ने की कार्रवाई
महोबा। नीट छात्रा अपहरण व दुष्कर्म मामले में पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय अब अपने बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनके द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महोबा पुलिस अधीक्षक पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद सियासी बवाल खड़ा हो गया है।
www.morningcity.in
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार से मिलने के दौरान एक कार्यकर्ता द्वारा पुलिस पर दबाव बनाने की शिकायत करने पर अजय राय ने कथित रूप से आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। इसके अलावा लौटते समय प्रधानमंत्री के खिलाफ भी अमर्यादित टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ, जिससे मामला और गरमा गया।
यह पूरा घटनाक्रम उस समय सामने आया जब अजय राय महोबा में नीट छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म मामले को लेकर पहुंचे थे। उन्होंने पीड़िता के लिए 50 लाख रुपये मुआवजा और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।

भाजपा एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर ने बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह बेहद अशोभनीय है और इससे कांग्रेस का असली चेहरा सामने आता है। उन्होंने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मुकदमा दर्ज
मामले में भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य नीरज रावत की तहरीर पर शहर कोतवाली में अजय राय, ब्रजराज सिंह अहिरवार एवं 25–30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कर रास्ता बाधित किया गया और सरकारी कार्य में भी व्यवधान डाला गया। साथ ही प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी कर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) एवं 132 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है।
अन्य जानकारी
वायरल वीडियो सामने आने के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। मामले को लेकर विभिन्न राजनीतिक दल आमने-सामने आ गए हैं और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

