Mainpuri News: बारिश-तेज हवाओं का कहर! खेतों में बिछी धान-बाजरे की फसल, बालियां सड़ने की कगार पर—किसानों की बढ़ी चिंता
personसंपादकीय टीम
calendar_today26 Sept 2026, 11:22 pm
location_onMainpuri
तेज हवा के झोंको से खेतों में बिछ गई फसल, किसानों की बढ़ी चिंता
मैनपुरी। जनपद में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। बारिश और बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। किशनी-शमशेरगंज मार्ग पर खड़ेपुर के पास सड़क किनारे खड़ा एक भारी बबूल का पेड़ गिर जाने से कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
www.morningcity.in
कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में जलभराव न होने देने और फसल की निगरानी करने की सलाह दी है। सूचना मिलते ही एसडीएम नवनीता राय और नगर पंचायत चेयरमैन प्रतिनिधि डैनी यादव की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कर्मचारियों की मदद से पेड़ और झुकी हुई टहनियों को रास्ते से हटवाया, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका। दूसरी ओर इस समय धान की फसल में बालियां निकलने और फूल आने की अवस्था है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार, हल्की बारिश से खेत में नमी बनी रहने के कारण सिंचाई से राहत मिलेगी और धान को लाभ होगा.
खेतों में पानी भरने से बालियां सड़ने की कगार पर
क्षेत्र में दो दिनों से हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। कटाई के लिए पूरी तरह तैयार 1509 प्रजाति के धान और बाजरे की फसलें तेज हवाओं के कारण खेतों में गिरकर जलमग्न हो गई हैं। धीरपुर, ढढौस, जबापुर और अनूपपुर सहित दर्जनों गांवों में खेतों में पानी भरने से बालियां सड़ने की कगार पर हैं। बाजरे की फसल में भी 20 से 25 प्रतिशत नुकसान की आशंका है।

बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, बिजली ठप
शुक्रवार देर शाम से गुल हुई बिजली शनिवार शाम तक बहाल न होने से इनवर्टर और मोबाइल ठप पड़ गए, जिससे लोगों को जनरेटर चलाकर पेयजल का इंतजाम करना पड़ा। बारिश के कारण नवीगंज बाजार में सन्नाटा रहा और दुकानें बंद रहीं। वहीं, गलियों में जलभराव व फिसलन से आवागमन प्रभावित हुआ। खेतों में पानी भरने से धान की फसल गिर गई है और किसानो के अनुसार यदि बारिश नहीं थमी तो आलू की बुवाई भी बुरी तरह प्रभावित होगी।
