Mainpuri News: 2027 में जनता तय करेगी कि कौन सी सरकार बेहतर थी मैनपुरी पहुंचे सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने भाजपा पर हमला बोला
personसंपादकीय टीम
calendar_today7 Sept 2026, 11:08 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। सोमवार को सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने प्रेसवार्ता में केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा सरकार को कई मुद्दों पर घेरा और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी दावा किया। सांसद ने 15 नवंबर को आगरा में होने वाले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दलित सम्मेलन का भी जिक्र किया।
जनगणना को लेकर उन्होंने कहा कि भारत सरकार किसी तय आधार पर कार्रवाई नहीं कर रही है। सरकार सिर्फ यह देख रही है कि उसे कहां राजनीतिक लाभ मिल सकता है। उन्होंने केंद्र के इस दृष्टिकोण को अन्यायपूर्ण बताया। संसद में लगातार हो रहे हंगामे और गतिरोध को लेकर उन्होंने विपक्ष का बचाव किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष नहीं चाहता कि संसद ठप हो। लेकिन सरकार को जनजीवन से जुड़े जरूरी सवालों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार इन सवालों पर चुप हो जाती है और अपनी जिम्मेदारी से बचती है, तब संसद में तनाव व गतिरोध बनता है।
www.morningcity.in
पहले की तुलना में भ्रष्ट्राचार बढ़ा
उन्होंने कहा कि संसद चलाने की जिम्मेदारी सरकार की है। अगर संसद नहीं चल रही है, तो इसकी जिम्मेदारी विपक्ष की नहीं, बल्कि सरकार की है। जबकि आम आदमी से जुड़े सवालों पर सरकार जवाब देने से बचती है। उन्होंने कहा कि आम आदमी का मानना है कि भ्रष्टाचार पहले की तुलना में बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में जनता खुद तय करेगी कि कौन सी सरकार बेहतर थी।

विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं
महिला आरक्षण को लेकर बुलाए गए विशेष सत्र पर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने यह संदेश देने के लिए सत्र बुलाया कि वह महिलाओं की बड़ी हितैषी है और विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि 2023 में महिला आरक्षण विधेयक सर्वसम्मति से पारित हो चुका है, ऐसे में सरकार उसे लागू क्यों नहीं कर रही। रामजीलाल सुमन ने कहा कि समाजवादी पार्टी सहित विपक्ष महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है।
