Agra News: ताजमहल घूमने आए पर्यटक ने होटल में की आत्महत्या, कारणों की जांच में जुटी पुलिस
personसंपादकीय टीम
calendar_today23 Apr 2026, 10:45 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। ताजमहल घूमने आए कर्नाटक के एक पर्यटक ने शहर के एक होटल में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना ईदगाह क्षेत्र स्थित होटल ताज पैलेस की है, जहां युवक अपनी महिला मित्र के साथ ठहरा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस के अनुसार, कर्नाटक के डोनिमडागु निवासी 38 वर्षीय सुब्रमणि बी बुधवार शाम करीब 5 बजे अपनी महिला मित्र के साथ होटल में ठहरे थे। दोनों ने चेक-इन करने के बाद शाम को शहर घूमने के लिए बाहर गए और देर रात वापस लौटे। कमरे में लौटने के बाद दोनों अलग-अलग बेड पर थे। इसी दौरान महिला फोन पर बात कर रही थी। बताया गया है कि अचानक महिला ने देखा कि सुब्रमणि फंदे से लटके हुए हैं। उसने तुरंत उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। वह मदद के लिए चिल्लाते हुए कमरे से बाहर भागी। होटल स्टाफ मौके पर पहुंचा, लेकिन युवक की मौत हो चुकी थी। होटल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस पूछताछ में महिला ने बताया कि मृतक पिछले कुछ समय से तनाव में था। हालांकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक रेलवे में कार्यरत था। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
