Alighar News: शिक्षा मंत्री ने गिनाये संकल्प से सिद्धि तक के विकास कार्य उत्तर प्रदेश बना सुशासन, सुरक्षा और समृद्धि का मॉडल
personसंपादकीय टीम
calendar_today21 Mar 2026, 11:48 pm
location_onAlighar
सुशासन के नौ वर्ष: सुरक्षा, विकास और विश्वास का नया उत्तर प्रदेश: संदीप सिंह
अलीगढ़। बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर सर्किट हाउस में वार्ता के दौरान कहा कि वर्ष 2017 का जनादेश केवल सरकार परिवर्तन का नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन का जनादेश था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने अराजकता से व्यवस्था, निराशा से विश्वास और पिछड़ेपन से विकास की ओर ऐतिहासिक यात्रा तय की है।
www.morningcity.in
बेसिक शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश देश के विकास का ग्रोथ इंजन बन चुका है। प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है और संगठित अपराध व माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की गई है। माफिया संपत्तियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों करोड़ की अवैध संपत्तियां जब्त की गई हैं और 53 संगठित अपराधी गिरोहों को ध्वस्त किया गया है। दो लाख 19 हजार पुलिस कर्मियों की पारदर्शिता से भर्ती हुई है। आपातकालीन सेवा यूपी-112 का रिस्पॉन्स टाइम एक घंटे से घटकर लगभग छह मिनट रह गया है, जिससे आमजन को त्वरित सहायता मिल रही है। 15 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन देने के साथ ही छह करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर लाया गया है। 5.60 करोड़ लोगों को आयुष्मान कार्ड जारी कर उनकी निःशुल्क चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
बताया कि अगले माह से निराश्रित, वृद्धा व दिव्यांग पेंशन को बढ़ाकर 1500 कर दिया गया है, जिससे करोड़ों लाभार्थियों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। खाद्यान्न उत्पादन को 557 मीट्रिक टन से 737 मीट्रिक टन तक ले जाकर उत्तर प्रदेश देश में प्रथम स्थान पर पहुंचा है। किसान हित में तीन लाख 15 हजार करोड़ का गन्ना भुगतान और 3.12 लाख किसानों को 49 हजार करोड़ की सम्मान राशि वितरित की गई है। प्रदेश सरकार बीज से बाजार तक किसानों के हित में कार्य कर रही है। विगत नौ वर्षों में नौ लाख सरकारी नौकरियां दी गई हैं और 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों से निजी क्षेत्र में एक करोड़ से नये रोजगार प्रस्तावित हैं। मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, महामंत्री शिवनारायण शर्मा एवं सीडीओ योगेंद्र कुमार, पीडी भाल चंद त्रिपाठी, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार आदि मौजूद रहे।
Morning City
जिले में तेज हुई विकास की रफ्तार
बेसिक मंत्री शिक्षा ने बताया कि जनपद में केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से व्यापक परिवर्तन आया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत 4.10 लाख किसानों को 1343 करोड़, ऋण मोचन योजना में 1.11 लाख किसानों का 790 करोड़ ऋण माफ तथा गन्ना किसानों को 1023 करोड़ का भुगतान किया गया। आवास योजनाओं में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण एवं मुख्यमंत्री आवास योजना से हजारों परिवारों को पक्के घर मिले। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 86 हजार से अधिक शौचालय बनाए गए।
Morning City
सामूहिक विवाह, कन्या सुमंगला एवं मातृ वंदना योजनाओं से महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक सहयोग मिला। आयुष्मान भारत योजना के तहत 10.76 लाख गोल्डन कार्ड बनाकर 226 करोड़ से निःशुल्क उपचार कराया गया। निःशुल्क राशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री जनधन योजना से बैंक खाते और पीएम स्वनिधि योजना से स्ट्रीट वेंडरों को ऋण देकर स्वरोजगार को बढ़ावा मिला। बताया कि यह उपलब्धियां अलीगढ़ के समग्र विकास और जनता के जीवन स्तर में सुधार का प्रमाण है।
