Agra News: महंगाई पर सपा का हल्लाबोल सांसद रामजीलाल सुमन हाउस अरेस्ट, महानगर अध्यक्ष को पुलिस ने थाने में बैठाया

personसंपादकीय टीम
calendar_today21 May 2026, 10:39 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और गैस के दामों के विरोध में गुरुवार को समाजवादी पार्टी ने आगरा में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही पुलिस और सपाइयों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को पुलिस ने रास्ते में रोककर हाउस अरेस्ट कर दिया, जबकि महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास को हिरासत में लेकर थाना छत्ता भेज दिया गया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने थाना छत्ता का घेराव कर पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाजवादी पार्टी ने एक दिन पहले ही कलेक्ट्रेट पर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन का ऐलान किया था। गुरुवार सुबह 11 बजे से ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचने लगे थे। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में जीवनी मंडी से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकाला जाना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रवाना होने से पहले ही रोक लिया। पुलिस कार्रवाई के बाद शब्बीर अब्बास को थाना छत्ता ले जाया गया।

www.morningcity.in

उधर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आगरा पहुंच रहे राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को थाना हरीपर्वत पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इस दौरान पुलिस और सांसद के बीच तीखी बहस भी हुई। पुलिस ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया और आगे बढ़ने नहीं दिया। सपा नेताओं ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। महानगर अध्यक्ष की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता थाना छत्ता पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने थाना का घेराव करते हुए सरकार विरोधी नारे लगाए। सपाइयों का आरोप था कि भाजपा सरकार जनता की आवाज दबाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल कर रही है। शब्बीर अब्बास ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार को जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और विरोध करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है।

Morning City

इधर, सपा की जिला इकाई ने भी कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। कार्यकर्ता धौलपुर हाउस से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और महंगाई, बेरोजगारी तथा आर्थिक संकट को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एक अलग नजारा भी देखने को मिला। प्रधानमंत्री की “मेलोडी” वाली वायरल वीडियो के बाद एक सपा कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन में मेलोडी टॉफी लेकर पहुंचा और कार्यकर्ताओं के बीच बांटी। इसे लेकर भी प्रदर्शन स्थल पर चर्चा का माहौल बना रहा। पूरे घटनाक्रम के दौरान शहर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। कलेक्ट्रेट और थाना छत्ता के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए, जबकि सपा नेताओं ने इसे राजनीतिक दमन करार दिया है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi