Mainpuri News: मिर्जापुर द मूवी में कुरावली की सोनल चौहान की धमक अभिनेत्री के अभिनय ने छोड़ी दर्शकों पर छाप, दर्शकों का ध्यान खींचा
personसंपादकीय टीम
calendar_today5 Sept 2026, 11:03 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। चर्चित वेब सीरीज मिर्जापुर के बाद दर्शकों के बीच पहुंची फिल्म मिर्जापुर-द मूवी लोगों को पसंद की जा रही है। फिल्म में अभिनेत्री सोनल चौहान ने अपने अभिनय से एक बार फिर दर्शकों का ध्यान खींचा है। मूवी को देखने के लिए भीड़ उमड़ रही है।
कस्बा कुरावली के मोहल्ला कुंवरपुर निवासी रघुराज सिंह चौहान पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त की सबसे छोटी पुत्री सोनल चौहान इससे पहले भी बालीवुड की कई हिट फिल्मों में मुख्य किरदार में दिख चुकी हैं। वर्तमान में परिवार के साथ नोएडा में रह रहीं अभिनेत्री की नई रिलीज फिल्म के ट्रेलर को स्थानीय लोग अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वायरल कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज को लेकर अभिनेत्री के बड़े भाई विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि सोनल का फिल्मी सफर लगभग दो दशक पुराना है। वर्ष 2008 में उन्होंने अभिनेता इमरान हाशमी के साथ फिल्म जन्नत से हिंदी सिनेमा में अपनी पहचान बनाई थी। मुख्य भूमिका में उनके अभिनय को सराहा गया था।

बुडड़ा होगा तेरा बाप में नजर आई
जिसके बाद वर्ष 2011 में अमिताभ बच्चन के साथ बुड्ढा होगा तेरा बाप में नजर आईं। वर्ष 2013 में थ्रीडी, 2018 में जैकी एंड दिल, पलटन में भी उन्होंने अभिनय किया। उन्होंने बताया कि हिंदी फिल्मों के साथ ही सोनल ने दक्षिण भारतीय सिनेमा में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है। वह अब तक 50 से अधिक दक्षिण भारतीय फिल्मों में मुख्य भूमिका निभा चुकी हैं। विक्रम कस्बा में इंडेन गैस एजेंसी का संचालन करते हैं। उन्होंने बताया कि उनसे छोटी हिमानी चौहान हैं जो जियो फिल्म सिटी में क्रिएटिव डायरेक्टर रही हैं। वर्तमान में जी-5 नेटवर्क को लीड कर रही हैं। उनसे छोटी सोनिया चौहान भी अपना कारोबार संभाल रही हैं।
