Agra News: चलती कार में आग लगने से चर्च रोड पर अफरा-तफरी, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
personसंपादकीय टीम
calendar_today22 Apr 2026, 10:55 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। शहर के हरीपर्वत थाना क्षेत्र अंतर्गत व्यस्त चर्च रोड (रामनगर कॉलोनी) पर बुधवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब चलती कार में अचानक आग लग गई। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी लपटों में घिरकर जल उठी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के बोनट से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को समझते हुए कार सवारों ने तुरंत वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इसके बाद देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि कार पूरी तरह आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना प्रेस्टीज स्टोर और वीके बर्तन भंडार के बीच की बताई जा रही है। आग लगते ही चर्च रोड पर यातायात रुक गया और लोग दहशत में आकर जहां के तहां खड़े हो गए। कई वाहन चालक भी स्थिति सामान्य होने का इंतजार करते रहे, क्योंकि ईंधन टैंक में विस्फोट की आशंका बनी हुई थी। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि आग पर शुरुआत में अग्निशमन यंत्रों से काबू पाने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि समय रहते कार सवार बाहर निकल गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बना रहा।
