Agra News: अफवाह बनी हिंसा की वजह, पांच लोगों से मारपीट कर बाल काटे
personसंपादकीय टीम
calendar_today13 Mar 2026, 10:51 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। थाना शाहगंज क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह के चलते कुछ लोगों द्वारा पांच व्यक्तियों के साथ मारपीट करने और उनके बाल काटने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शुक्रवार को मिली सूचना के अनुसार सदर तहसील के पास रहने वाले पांच पैनहैंडलर को कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की अफवाह के आधार पर घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने उनके साथ मारपीट की और अपमानित करने के लिए उनके बाल भी काट दिए।
सूचना मिलते ही थाना शाहगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पांचों व्यक्तियों के साथ मारपीट और बाल काटे जाने की घटना की पुष्टि हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पीड़ित पक्ष से तहरीर ली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सहायक पुलिस आयुक्त लोहामंडी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
