Hathras News: रंगदारी मांगने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार, हरियाणा से पकड़ा
personसंपादकीय टीम
calendar_today19 Mar 2026, 08:10 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस। एसओजी टीम, थाना हाथरस गेट व थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी को हरियाणा के गुड़गांव स्थित कृष्णा कॉलोनी से दबोचा गया।मामला 11 मार्च 2026 का है, जब कोतवाली नगर क्षेत्र निवासी व्यापारी राहुल वार्ष्णेय ने थाना हाथरस गेट में तहरीर देकर बताया था कि उसकी खरबूजा बीज मगज की फैक्ट्री ग्राम टिपरस के पास स्थित है। आरोप है कि आरोपी रामू उर्फ भूपेंद्र और उसके साथी ने फोन कर 12 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी।घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में कई टीमों का गठन किया गया। एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घटना से पहले भी वह अपने साथी के साथ मिलकर पीड़ित से 20 हजार रुपये वसूल चुका था, जिसे दोनों ने आपस में बांट लिया था।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास व बंधक बनाने जैसे कई मामले दर्ज हैं। मामले में नामजद दूसरा आरोपी पहले ही न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुका है।गिरफ्तारी के बाद थाना हाथरस गेट पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
