Agra News: 11वीं के छात्र की हत्या से सनसनी, कुएं में मिला शव; दोस्त सहित छह पर मुकदमा दर्ज
personसंपादकीय टीम
calendar_today22 Mar 2026, 10:42 pm
location_onAgra
आगरा। जनपद के किरावली क्षेत्र में 11वीं कक्षा के छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 16 वर्षीय चंद्रवीर उर्फ मोनू का शव गांव के बाहर एक कुएं में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने इस मामले में उसके दोस्त सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। जानकारी के अनुसार घटना किरावली के सलेमाबाद गांव की है, जहां देवेंद्र सिंह का पुत्र चंद्रवीर कक्षा 11 का छात्र था और साथ ही सेना में भर्ती होने की तैयारी भी कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, शुक्रवार शाम वह दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान रात करीब 10 बजे गांव का ही रहने वाला चंद्रवीर का दोस्त अभिषेक खून से लथपथ हालत में थाने पहुंचा और चंद्रवीर पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस जब मौके पर पहुंची और जांच की तो गांव के बाहर खेतों में स्थित एक कुएं में चंद्रवीर का शव मिला।
www.morningcity.in
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि आपसी विवाद के बाद दोस्तों ने चंद्रवीर के साथ मारपीट की और गंभीर रूप से घायल करने के बाद उसे कुएं में फेंक दिया। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आरोपी अभिषेक सहित पांच नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
