Hathras News: पत्रकार हत्याकांड: मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार, तीन घायल
personसंपादकीय टीम
calendar_today6 May 2026, 11:00 pm
location_onHathras
Morning City
हाथरस। पत्रकार वेदप्रकाश शर्मा उर्फ सोनू हत्याकांड में फरार चार आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। तीन आरोपियों के पैर में गोली लगने से वे घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। सभी आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल 2026 को आगरा निवासी नीतू शर्मा ने तहरीर देकर बताया था कि उसके भाई वेदप्रकाश शर्मा की 6 अप्रैल की रात मकान हड़पने की नीयत से हत्या कर दी गई। इस मामले में पहले थाना सहपऊ में मुकदमा दर्ज हुआ, बाद में घटना स्थल कोतवाली क्षेत्र में पाए जाने पर केस को कोतवाली नगर स्थानांतरित कर दिया गया।मंगलवार को देर रात एसओजी टीम, कोतवाली नगर और सासनी पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल चार आरोपी भागने की फिराक में हैं। सुसायत कलां मोड़ के पास पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।मुठभेड़ में विवेक शर्मा, विशाल शर्मा और मौनिस कांत शर्मा के पैर में गोली लगी, जबकि मोनू कुशवाह को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट कार, चार तमंचे 315 बोर, छह जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। कार्रवाई में कोतवाली नगर, सासनी थाना पुलिस और एसओजी टीम शामिल रही।

