Firozabad News: होली, रमजान और ईद को लेकर पीस कमेटी मीटिंग, कानून-व्यवस्था पर विशेष चर्चा
personसंपादकीय टीम
calendar_today18 Feb 2026, 09:35 pm
location_onFirozabad
फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों होली, रमजान और ईद के दृष्टिगत जनपद में कानून और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पीस कमेटी की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौरभ दीक्षित ने किया। आज आयोजित इस बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर और ग्रामीण, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारियों के साथ-साथ पीस कमेटी के सदस्य, होली सुरक्षा समिति के सदस्य, व्यापारियों, सभी धर्मों के धर्मगुरु और संभ्रान्त नागरिक भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए कानून-व्यवस्था, आपसी समन्वय, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने कहा कि सभी संबंधित लोग अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी रखें और किसी भी तरह की अप्रिय घटना या शांति भंग की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पीस कमेटी के सदस्यों ने भी अपने विचार रखे और जनता से सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की। बैठक में यह तय किया गया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद या असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए सभी पीस कमेटी सदस्य और पुलिस टीम मिलकर संपूर्ण निगरानी और समन्वय करेंगे। एसएसपी सौरभ दीक्षित ने विशेष रूप से कहा कि त्योहारों का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द और भाईचारा बनाए रखना है, इसलिए सभी नागरिक शांतिपूर्ण माहौल में त्यौहार मनाएं और किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से संपर्क करें।
