Hathras News: हाईस्कूल / इण्टरमीडिएट यू0पी0 बोर्ड परीक्षा–2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक
personसंपादकीय टीम
calendar_today14 Feb 2026, 09:35 pm
location_onHathras
फोटो -बैठक करते जिलाधिकारी अतुल वत्स
हाथरस।उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा वर्ष–2026 को सकुशल, पारदर्शी एवं सुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पुलिस लाइन, हाथरस स्थित ऑडिटोरियम में सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स एवं केन्द्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Morning City
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने केन्द्र व्यवस्थापकों, वाह्य केन्द्र व्यवस्थापकों एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शासन की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोपरि है। बैठने की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश, पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि यदि किसी कारणवश परीक्षार्थी व्यवस्थित ढंग से परीक्षा नहीं दे पाता है तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित केन्द्र व्यवस्थापक एवं तैनात अधिकारियों की होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी केंद्र पर मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं पाई जाती हैं तो उस केंद्र को निरस्त कर भविष्य में परीक्षा केंद्र न बनाए जाने की संस्तुति की जाएगी। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा, उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण व संकलन तथा प्रवेश व्यवस्था पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। संवेदनशील एवं अति संवेदनशील केन्द्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने अवगत कराया कि बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी 2026 से 12 मार्च 2026 तक दो पालियों में आयोजित होंगी। प्रथम पाली प्रातः 08:30 से 11:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 02:00 से 05:15 बजे तक संचालित होगी। जनपद में कुल 99 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिन पर 44,370 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इनमें हाईस्कूल के 22,162 तथा इंटरमीडिएट के 22,208 परीक्षार्थी शामिल हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, सैक्टर/स्टैटिक मजिस्ट्रेट्स, केन्द्र व्यवस्थापक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
