Vrindavan News: मोटरबोट हादसा: मोनिका टंडन और युवराज के शव बरामद, मृतकों की संख्या 15 पहुंची, एक अब भी लापता
personसंपादकीय टीम
calendar_today13 Apr 2026, 10:00 pm
location_onMathura
Morning City
मथुरा/आगरा। वृंदावन में यमुना नदी में हुए दर्दनाक मोटरबोट हादसे में सोमवार को दो और श्रद्धालुओं के शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। हादसे के बाद से चल रहे सर्च ऑपरेशन में सोमवार सुबह सबसे पहले मोनिका टंडन का शव मिला, इसके कुछ ही देर बाद युवराज का शव भी बरामद कर लिया गया। वहीं एक श्रद्धालु अब भी लापता है, जिसकी तलाश में राहत एवं बचाव टीमें लगातार जुटी हुई हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को श्री बांके बिहारी मंदिर से करीब दो किलोमीटर दूर यमुना नदी में पंजाब से आए 38 श्रद्धालुओं से भरी एक मोटरबोट पांटून पुल के पीपे से टकराने के बाद अचानक पलट गई थी। हादसा इतना भीषण था कि कई श्रद्धालु नदी की तेज धारा में बह गए। शुरुआती दो दिनों में 13 शव बरामद हुए थे, जबकि सोमवार को दो और शव मिलने से मृतकों का आंकड़ा 15 तक पहुंच गया।
www.morningcity.in
प्रशासन की टीमें घटना के बाद से लगातार राहत और बचाव कार्य में लगी हैं। गोताखोरों और एनडीआरएफ की मदद से लापता श्रद्धालु पंकज मल्होत्रा (40 वर्ष) की तलाश जारी है। हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में प्रशासन ने लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए मोटरबोट चला रहे पप्पू निषाद और पांटून पुल के ठेकेदार नारायण शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। आगरा के बाह क्षेत्र स्थित बटेश्वर में यमुना नदी पर संचालित नावों के संचालन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है।
Morning City
पुलिस ने बिना सुरक्षा मानकों के चल रही नावों पर कार्रवाई करते हुए नौकायन गतिविधियों को अस्थायी रूप से बंद करा दिया है। हादसे में जिन श्रद्धालुओं के शव अब तक बरामद हुए हैं, उनमें अंजू गुलाटी, राकेश गुलाटी, सपना हंस, कविता बहल, चरनजीत, ऋषभ शर्मा, मधुर बहल, पिंकी बहन, ईशान कटारिया, मीनू बंसल, आशा रानी, मानिक टंडन, डिंकी, मोनिका टंडन और युवराज शामिल हैं। प्रशासन का कहना है कि लापता श्रद्धालु की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी खोज निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है।
