Mainpuri News: फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही पर लेखपाल सस्पेंड
personसंपादकीय टीम
calendar_today25 Feb 2026, 10:54 pm
location_onMainpuri
मंछना गांव में डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण
मैनपुरी। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील भोगांव के ग्राम मंछना में स्थलीय निरीक्षण के दौरान फार्मर रजिस्ट्री की जानकारी करने पर क्षेत्रीय लेखपाल द्वारा संतोषजनक उत्तर न दिए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश उप जिलाधिकारी भोगांव को दिए।
Morning City
डीएम ने कहा कि किसानों की ज्यादा से ज्यादा फार्मर रजिस्ट्री कराने के लिए जिला प्रशासन ने लेखपालों को जिम्मेदारी दी है, उन्हें विभाग की ओर से लक्ष्य भी दिया गया है, यह कार्य शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है लेकिन फिर भी कुछ लेखपालों द्वारा इस कार्य में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने बताया कि इस समय फार्मर रजिस्ट्रेशन का कार्य वरीयता पर चल रहा है लेकिन जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति संतोषजनक नहीं है, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर यह योजना निरंतर डी-श्रेणी में चल रही है।
Morning City
फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें अधिकारी
डीएम ने असंतोष व्यक्त करते हुए उप जिलाधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपने-अपने अधीनस्थ कार्मिकों से फार्मर रजिस्ट्री कराना सुनिश्चित करें, प्रतिदिन अपने स्तर पर इसकी समीक्षा भी करें, जल्द से जल्द जनपद में फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति में सुधार दिखे, सी.एम. डैशबोर्ड पर कम से कम बी-श्रेणी में लाना सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान उप जिलाधिकारी भोगांव संध्या शर्मा, अनिल कुमार सक्सेना, अनुज कुमार आदि उपस्थित रहे।

