Agra News: हाथरस हाईवे पर भीषण हादसा, आगरा के बल्केश्वर परिवार के दो बच्चों की मौत

personसंपादकीय टीम
calendar_today15 Feb 2026, 09:47 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। आगरा के बल्केश्वर क्षेत्र में रहने वाले एक परिवार के लिए जन्मदिन की खुशियां मातम में बदल गईं। अलीगढ़ से पार्टी में शामिल होकर लौट रहे परिवार की कार हाथरस जनपद में थाना चंदपा क्षेत्र के संटीकरा के पास देर रात भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुए इस हादसे में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय आदित्य गोयल और 9 वर्षीय अंकित, पुत्र आकाश, निवासी बल्केश्वर (आगरा) के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में विशाल पुत्र नरेश, चारू पत्नी विशाल तथा शाहिद शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए आगरा ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार परिवार अलीगढ़ से जन्मदिन समारोह में शामिल होकर देर रात अपने घर आगरा लौट रहा था। इसी दौरान हाईवे पर संटीकरा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बच्चों की मौत से व्यथित परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही दोनों शवों को रात में अपने साथ आगरा ले आए। सोमवार दोपहर बल्केश्वर घाट पर दोनों मासूमों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे के बाद बल्केश्वर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मोहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है और परिवार के घर लोगों का तांता लगा रहा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi