Agra News: जापानी बुजुर्ग पर्यटकों की मददगार बनी आगरा पुलिस, खोजकर लौटाया टैक्सी में छूटा कीमती सामान

personसंपादकीय टीम
calendar_today30 Oct 2026, 10:12 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। ताजनगरी घूमने आए जापान के दो बुजुर्ग पर्यटकों के लिए आगरा पुलिस मददगार साबित हुई। सिकंदरा स्थित अकबर के मकबरे का भ्रमण करने पहुंचे पर्यटकों की टैक्सी कहीं छूट गई। टैक्सी में उनका कीमती सामान और जरूरी सामान रखा हुआ था। टैक्सी और सामान गायब होने से दोनों पर्यटक काफी परेशान हो गए। ऐसे में थाना सिकंदरा पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए टैक्सी की तलाश शुरू की और सामान सहित टैक्सी खोजकर पर्यटकों को सौंप दी। जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को जापान से आगरा घूमने आए बुजुर्ग पर्यटक मिनामी काजुओ और मिनामी युकी सिकंदरा स्थित अकबर का मकबरा देखने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी टैक्सी उनसे छूट गई। टैक्सी में दोनों पर्यटकों का काफी कीमती और आवश्यक सामान रखा हुआ था। अचानक टैक्सी गायब होने से वे परेशान हो गए और मदद की उम्मीद में थाना सिकंदरा पहुंच गए।
परेशानी उस समय और बढ़ गई, जब पर्यटकों के पास टैक्सी चालक का मोबाइल नंबर भी नहीं था। अंग्रेजी भाषा का ज्ञान न होने के कारण वे पुलिसकर्मियों को अपनी समस्या ठीक से समझा भी नहीं पा रहे थे। उनके साथ आई महिला पर्यटक शारीरिक रूप से दिव्यांग भी थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिकंदरा पुलिस ने धैर्य और संवेदनशीलता के साथ पर्यटकों से बातचीत कर उनकी परेशानी समझी। इसके बाद पुलिस दल ने टैक्सी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के त्वरित प्रयासों से टैक्सी और उसमें रखा पूरा सामान खोज लिया गया। इसके बाद सुरक्षित रूप से सामान दोनों पर्यटकों को सौंप दिया गया।

www.morningcity.in

पुलिस के व्यवहार की पर्यटकों ने की सराहना

अपना सामान वापस मिलने पर दोनों बुजुर्ग पर्यटकों ने राहत की सांस ली। उन्होंने आगरा पुलिस के सहयोग, तत्परता और मानवीय व्यवहार के लिए आभार जताया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के निर्देशों के क्रम में की गई इस कार्रवाई ने विदेशी पर्यटकों के बीच आगरा पुलिस की सकारात्मक छवि पेश की। आगरा पुलिस का कहना है कि ताजनगरी आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है। पर्यटकों को सुरक्षित और सुखद यात्रा का अनुभव दिलाने के लिए पुलिस सदैव तत्पर है।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi