Mainpuri News: पुलिस भर्ती परीक्षा में नकल की तो एक करोड़ का जुर्माना
personसंपादकीय टीम
calendar_today12 Mar 2026, 10:41 pm
location_onMainpuri
11 केंद्रों पर 11,520 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, प्रशासन के पुख्ता इंतजाम
मैनपुरी। आगामी 14 और 15 मार्च को आयोजित होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह ने स्टेटिक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा नियमावली का पाठ पढ़ाया। डीएम ने स्पष्ट किया कि नकल कराने के प्रयास में पकड़े जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसमें एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना भी शामिल है।
Morning City
डीएम ने बताया कि परीक्षा 11 केंद्रों पर दो पाली में आयोजित की जाएगी। दो दिन की चार पाली के लिए कुल 11,520 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। प्रत्येक केंद्र पर सभी मूलभूत सुविधाओं का प्रबंध केंद्र व्यवस्थापकों को करना होगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की तलाशी ली जाएगी और उनके सामान को क्लास रूम में जमा कराने की व्यवस्था की जाएगी। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया कि वे कक्ष निरीक्षकों को परीक्षा के नियमों के बारे में जानकारी दें। एसपी गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि पूर्व में कुछ स्थानों पर बाथरूम जाने जैसी छोटी प्रक्रियाओं का दुरुपयोग कर प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई थीं। इस बार हमें बेहद चौकन्ना रहकर परीक्षा करानी होगी। केंद्र पर आने वाले अभ्यर्थियों, प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिका का सही ढंग से मिलान किया जाएगा। फर्जी नौकरी दिलाने के नाम पर सक्रिय गिरोह की भी निगरानी की जाएगी।
सभी केंद्र पर सीसी टीबी कैमरा आदि के प्रबंध
एएसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। हर केंद्र पर सीसी कैमरा, वायस रिकॉर्डर आदि के प्रबंध भी किए जा रहे हैं। अभ्यर्थियों को केवल बाल पेन, प्रवेश पत्र और एक पहचान पत्र ले जाने की अनुमति होगी।
www.morningcity.in
बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में एडीएम श्यामलता आनंद, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव, डिप्टी कलेक्टर ध्रुव शुक्ला, अवर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल वर्मा, परियोजना निदेशक सत्येंद्र कुमार, पर्यवेक्षक डॉ. राजेश सिंह, सभी एसडीएम, एआरटीओ शिवम यादव, डीआईओएस सतीश कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक कुमार आदि उपस्थित रहे।

