Agra News: सिपाही पर शोषण का आरोप लगाकर फैशन डिजाइनर ने दी जान, वीडियो में बोली, मरने के बाद मिले इंसाफ

personसंपादकीय टीम
calendar_today13 Mar 2026, 11:14 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। ताजनगरी में एक 34 वर्षीय फैशन डिजाइनर की आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मरने से पहले युवती ने दो वीडियो बनाकर अपने साथ हुए कथित शोषण और पुलिस से न्याय न मिलने की बात कही। मामले में पुलिस ने आरोपी सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना सदर थाना क्षेत्र के सैनिक नगर की है। बुधवार रात फैशन डिजाइनर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार को उसका बनाया हुआ वीडियो सामने आया, जिसमें वह रोते हुए कह रही है कि एक सिपाही ने उसका शोषण किया और जब उसने थाने में शिकायत की तो एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई।

www.morningcity.in

वीडियो में युवती कहती है कि “सिपाही ने मुझे धमकाया और कहा कि पुलिस वाले का कुछ नहीं बिगड़ेगा। क्या लड़कियों के लिए कोई कानून नहीं है? अगर हमारी रक्षा करने वाले ही कह दें कि कुछ नहीं होगा तो हम कहां जाएं? अब मैंने अपनी जान दे दी है, उम्मीद है कि मरने के बाद मुझे इंसाफ मिलेगा।” पुलिस के अनुसार युवती कासगंज की रहने वाली थी और उसका करीब 13 साल पहले विवाह हुआ था। शादी के छह साल बाद उसका पति से तलाक हो गया था। इसके बाद वह आगरा आकर एक अस्पताल में नौकरी करने लगी। इसी दौरान उसकी पहचान ताजगंज थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में तैनात सिपाही जेंटर बाबू उर्फ जेबी गौतम से हुई। बताया जाता है कि दोनों के बीच करीब चार साल से संबंध थे और वे ताजगंज क्षेत्र में एक फ्लैट में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। युवती सिपाही से शादी करना चाहती थी, लेकिन वह लगातार टालता रहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।
युवती ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि सिपाही ने उसका मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया। वह चार साल से उसके साथ पत्नी की तरह रह रही थी, लेकिन अब शादी से इनकार कर दिया गया। उसने कहा कि सिपाही का परिवार भी उसे परेशान कर रहा था। बुधवार को युवती अपनी छोटी बहन के घर राजपुर चुंगी आई हुई थी। रात करीब 12:30 बजे जब बहन कमरे में गई तो उसने युवती को पंखे के कुंडे से लटका हुआ पाया। इसके बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में युवती के पिता की तहरीर पर सदर थाने में सिपाही के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।

Morning City

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि युवती द्वारा पहले थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। फिलहाल आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। युवती के भाई ने बताया कि परिवार को उसकी परेशानियों की जानकारी नहीं थी। उसने कभी घर पर इस बारे में खुलकर बात नहीं की। युवती ने लखनऊ से फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय रहती थी। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिपाही के साथ कई वीडियो मौजूद हैं, जिनमें दोनों साथ नजर आ रहे हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर महिला सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi