Mainpuri News: मतदाता सूची में 19,224 संदिग्ध प्रविष्टियों का दावा, डिंपल यादव ने डीएम से मांगा कार्रवाई का हिसाब!
personसंपादकीय टीम
calendar_today11 Oct 2026, 10:24 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। जनपद की चारों विधानसभाओं की मतदाता सूची में फर्जी और दोहरी प्रविष्टियों का मामला फिर चर्चा में है। सपा सांसद डिंपल यादव ने डीएम को पत्र लिखकर मामले में अब तक हुई कार्रवाई, जांच के निष्कर्ष और जिम्मेदार लोगों पर की गई कार्रवाई का ब्योरा मांगा है। सपा की तरफ से चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 फर्जी और दोहराई गई मतदाता प्रविष्टियां होने का दावा किया गया है।
www.morningcity.in
सपा जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य ने 19 मई को डीएम को ज्ञापन देकर मतदाता सूचियों में अनियमितताओं की शिकायत की थी। इसमें 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के परीक्षण का हवाला देते हुए विधानसभा क्षेत्रवार संदिग्ध प्रविष्टियों का विवरण दिया गया था। अब पार्टी ने पूर्व में की गई शिकायत पर कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

19,224 प्रविष्टियों पर सपा ने उठाए सवाल
जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,224 मतदाता प्रविष्टियों पर सवाल उठाए गए हैं। हालांकि, ये आंकड़े सपा की शिकायत में किए गए दावे हैं। इनकी वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। सांसद डिंपल यादव द्वारा भेजे गए पत्र में शिकायत पर अब तक हुई कार्रवाई, जांच की मौजूदा स्थिति और निष्कर्षों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की गई है। यदि कार्रवाई में देरी हुई है, तो उसके कारण स्पष्ट करने और संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की भी मांग उठाई गई है।
Morning City
आवश्यक सुधार करने की मांग
सासंद ने पत्र में सभी संदिग्ध प्रविष्टियों की नियमानुसार जांच कराने और फर्जी, दोहरी या अन्य त्रुटिपूर्ण प्रविष्टियां प्रमाणित होने पर निर्वाचन प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार करने की मांग की गई है। मतदाता सूची की शुद्धता निर्वाचन प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण है। अब मामले में प्रशासन की जांच और कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही शिकायत में उठाए गए सवालों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
विधानसभा क्षेत्रवार संदिग्ध प्रविष्टियों का विवरण
- विधानसभा 107- मैनपुरी सदर 4,377
- विधानसभा 108- भोगांव 4,379
- विधानसभा 109- किशनी 4,692
- विधानसभा 110- करहल 5,776
