Mainpuri News: रोडवेज बस और ट्रैक्टर ट्राली की भिड़त में पांच घायल सभी घायल अस्पताल में भर्ती कराएं, घने कोहरे के कारण नेशनल हाईवे पर हुई घटना
मैनपुरी। कुरावली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस सोमवार की सुबह कोहरा होने के कारण आलू से लदी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। इससे बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस का चालक उसमें फंस गया। चालक सहित पांच लोग हादसे में घायल हुए हैं। इनमें तीन गंभीर घायल है।
हमीरपुर डिपो की रोडवेज बस सोमवार की सुबह दिल्ली से कानपुर जा रही थी। करीब सात बजे थाना कुरावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गांव खिरिया पीपर मोड़ के पास कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से बस ने आगे जा रही आलू से भरी ट्रैक्टर-ट्राली में टक्कर मार दी। इससे बस चालक मनीष कुमार निवासी हमीरपुर स्टेयरिंग में फंस गए। वहीं बस में सवार गोविंद कुमार और उनकी बहन दीप्ती निवासी कुरावली गंभीर रूप से घायल हो गए साथ ही ट्रैक्टर चालक प्रवीण कुमार एवं उनके साथी अनूप सिंह निवासीगण नगला पुनी एटा को मामूली चोटें आई हैं।
हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलने पर नेशनल हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट एवं पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया। स्टेयरिंग काटकर फंसे चालक मनीष कुमार को बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया गया।

