Agra News: आगरा-इटावा रेल रूट में बड़ा बदलाव, अब फतेहाबाद-बाह-बटेश्वर होकर दौड़ेगी ट्रेन
personसंपादकीय टीम
calendar_today10 Apr 2026, 10:29 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा। फतेहपुर सीकरी से सांसद राजकुमार चाहर द्वारा उठाए गए रेल मुद्दे का असर अब जमीन पर नजर आने लगा है। लंबे समय से रेल कनेक्टिविटी से वंचित क्षेत्रों को बड़ी राहत देते हुए आगरा-टूंडला-इटावा रूट के स्थान पर अब ट्रेन आगरा से फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर होते हुए इटावा तक संचालित किए जाने की पहल शुरू हो गई है। सांसद राजकुमार चाहर ने 2 अप्रैल को लोकसभा में शून्यकाल के दौरान यह महत्वपूर्ण जनहित का मुद्दा उठाया था। उन्होंने सदन में कहा था कि वर्तमान में ट्रेनें आगरा से टूंडला के रास्ते इटावा जाती हैं, जिससे फतेहाबाद, बाह और बटेश्वर जैसे क्षेत्र रेल सुविधा से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने मांग की थी कि कुछ ट्रेनों का संचालन नए रूट से किया जाए, ताकि इन क्षेत्रों के लोगों को भी सीधी रेल सुविधा मिल सके।
www.morningcity.in
इसके अलावा सांसद चाहर ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर इस मांग को प्रमुखता से रखा था। उनके लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप अब इस दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। नए रूट के लागू होने से आगरा ग्रामीण क्षेत्र, फतेहाबाद, बाह और खेरागढ़ विधानसभा क्षेत्र की लाखों जनता को सीधा लाभ मिलेगा। इससे न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बटेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल तक पहुंच भी आसान हो जाएगी, जिससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और आगे भी क्षेत्र में अधिक ट्रेनों के संचालन के लिए प्रयास जारी रहेंगे, जिससे कनेक्टिविटी और मजबूत हो सके।
