Agra News: ई-मेल से बम धमकी के बाद जनपद न्यायालय में हाई अलर्ट, घंटों चला सर्च और सैनेटाइजेशन अभियान

personसंपादकीय टीम
calendar_today24 Feb 2026, 09:55 pm
location_onAgra

Morning City

आगरा। जनपद न्यायालय आगरा को मंगलवार, 24 फरवरी 2026 को ई-मेल के माध्यम से बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल सक्रिय हो गईं और पूरे परिसर में व्यापक स्तर पर सर्च एवं सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा संदेश भेजा गया, जिसमें परिसर को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त, हरीपर्वत श्री महाडिक अक्षय संजय के नेतृत्व में सहायक पुलिस आयुक्त एल.आई.यू., उनकी टीम, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) तथा डॉग स्क्वॉड की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर न्यायालय परिसर में प्रवेश और निकास पर सख्ती बढ़ा दी गई। न्यायालय कक्षों, अधिवक्ताओं के चैंबरों, रिकॉर्ड कक्ष, सीढ़ियों, बरामदों और पार्किंग स्थल सहित आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की खोज की गई तथा बम निरोधक दस्ता हर संभावित स्थान की जांच करता रहा।

Morning City

चेकिंग अभियान के दौरान कुछ समय के लिए न्यायालय की नियमित कार्यवाही प्रभावित हुई, हालांकि अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रण में रखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब तक किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। धमकी भरे ई-मेल की तकनीकी जांच साइबर विशेषज्ञों द्वारा की जा रही है। ई-मेल के स्रोत, आईपी एड्रेस और प्रेषक की पहचान के लिए डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अपर पुलिस उपायुक्त/सहायक पुलिस आयुक्त, हरीपर्वत महाडिक अक्षय संजय ने बताया कि ई-मेल के माध्यम से प्राप्त धमकी को पूरी गंभीरता से लिया गया है। संयुक्त टीमों द्वारा सघन सर्च और सैनेटाइजेशन अभियान चलाया गया है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायालय परिसर में प्रतिदिन नियमित रूप से सघन चेकिंग की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन और अधिवक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करें। फिलहाल न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निगरानी लगातार जारी है।
 बम निरोधक दस्ता (बीडीएस)
बम निरोधक दस्ता (बीडीएस)
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi