Agra News: ब्रांडेड बोतल में जहर! आगरा में नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़

personसंपादकीय टीम
calendar_today9 Apr 2026, 10:24 pm
location_onAgra

सस्ती शराब को महंगे ब्रांड का नाम देकर बेचा जा रहा था जहर

आबकारी-पुलिस की रेड से खुला बड़ा खेल, सप्लाई नेटवर्क पर शिकंजा

किराए के मकान में चल रहा था ‘नकली शराब सिंडिकेट’

Morning City

आगरा। ताजनगरी में अवैध शराब कारोबार का खतरनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। थाना हरीपर्वत क्षेत्र के रतनपुरा इलाके में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में एक किराए के मकान से नकली शराब बनाने और सप्लाई करने वाले बड़े गोरखधंधे का खुलासा हुआ है। यहां सस्ती और संदिग्ध गुणवत्ता की शराब को नामी ब्रांड की बोतलों में भरकर महंगे दामों पर बाजार में बेचा जा रहा था। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से बड़ी संख्या में ब्रांडेड कंपनियों की खाली और भरी बोतलें, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण बरामद किए। कमरे के अंदर ही पूरा सेटअप तैयार किया गया था, जहां शराब की रीफिलिंग कर उसे असली ब्रांड का रूप दिया जाता था। बरामद सामग्री से साफ संकेत मिलता है कि यह धंधा लंबे समय से संगठित तरीके से चल रहा था और यहां से तैयार माल शहर के अलग-अलग हिस्सों में सप्लाई किया जा रहा था।

www.morningcity.in

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस मकान से यह अवैध गोदाम पकड़ा गया, उसे एक शराब ठेके के सेल्समैन ने किराए पर लिया था। इस खुलासे के बाद मामला और गंभीर हो गया है, क्योंकि अब संदेह जताया जा रहा है कि इस पूरे नेटवर्क में शराब वितरण तंत्र से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस और आबकारी विभाग इस पहलू पर भी गहनता से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की नकली शराब लोगों की सेहत के लिए बेहद घातक साबित हो सकती है। सस्ती और मिलावटी शराब को ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेचना न सिर्फ धोखाधड़ी है, बल्कि यह किसी बड़े हादसे को भी न्योता दे सकता था। यदि यह शराब बड़ी मात्रा में बाजार में पहुंच जाती, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग ने पूरे मामले में बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि इस गोरखधंधे में कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था और इसकी सप्लाई किन क्षेत्रों तक फैली हुई थी। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi