Mainpuri News: 4 अवैध स्कूलों पर शिक्षा विभाग का शिकंजा! बिना मान्यता चल रहे विद्यालयों को 7 दिन का अल्टीमेटम, नोटिस फाड़ने पर संचालिका पर भी कार्रवाई की तैयारी
personसंपादकीय टीम
calendar_today30 Sept 2026, 11:35 pm
location_onMainpuri
Morning City
मैनपुरी। जनपद में बिना मान्यता के अवैध रूप से दर्जनों विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। बीते दिनों कुरावली और करहल ब्लाक क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारियों ने निरीक्षण किया। करहल में एक विद्यालय और कुरावली में तीन विद्यालय अवैध रूप से संचालित किए जा रहे हैं। करहल में तो निरीक्षण के दौरान विद्यालय की संचालिका ने खंड शिक्षा अधिकारी से अभद्रता कर नोटिस भी फाड़ दिया। बीएसए ने चारों ही विद्यालयों के प्रबंधकों को नोटिस जारी किए हैं।
www.morningcity.in
करहल क्षेत्र के ग्राम नगला दिक्क स्थित बचपन प्ले आवासीय स्कूल अवैध रूप से संचालित है। बीते 31 अगस्त को खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का निरीक्षण किया। जहां विद्यालय में हॉस्टल संचालित मिला। 19 बच्चे भी अध्ययनरत मिले। मगर विद्य्रालय में कोई प्रशिक्षित शिक्षक नहीं मिला। विद्यालय अमान्य श्रेणी का पाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय के गेट पर नोटिस चस्पा कर दिया। इस पर विद्यालय की संचालिका ने अभद्रता की और नोटिस को फाड़ दिया। वर्तमान में विद्यालय का संचालन किया जा रहा है।
सात दिन में देना होगा नोटिस का जवाब
कुरावली विकास खंड क्षेत्र के घिरोर रोड पर विक्रम ज्ञान भारती विद्या मंदिर-2 विद्यालय भी अवैध रूप से चल रहा है। बीएसए ने इस विद्यालय के प्रबंधक को भी नोटिस जारी किया और सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। विद्यालय का बीईओ ने छह अगस्त को निरीक्षण किया और नोटिस चस्पा कर दिया। लेकिन विद्यालय प्रबंधक द्वारा नोटिस का जवाब नहीं दिया गया और विद्यालय लगातार संचालित किया जा रहा है।
गंगापुर विद्यालय का भी किया निरीक्षण
कुरावली क्षेत्र के गांव गंगापुर स्थित केसीआरवी विद्यालय ब्रांच-2 संचालित किया जा रहा है। इस विद्यालय का एक सितंबर को खंड शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षण किया और अवैध संचालित होने पर नोटिस चस्पा कर दिया। कुरावली क्षेत्र के ग्राम मनौना में भी एस ग्लोबल एकेडमी का अवैध रूप से संचालन होता मिला। बीईओ ने आठ सितंबर को नोटिस जारी किया। उपरोक्त सभी चारों विद्यालयों के प्रबंधकों ने नोटिसों के जवाब नहीं दिए और विद्यालय लगातार संचालित कर रहे हैं।
सात दिन के अंदर विद्यालय का संचालन बंद करें
बुधवार को बीएसए सूर्यप्रताप सिंह ने उपरोक्त चारों ही विद्यालयों के प्रबंधकों को नोटिस जारी कर दिए। निर्देश दिए गए कि सात दिन के अंदर अमान्य विद्यालय, कक्षाओं का संचालन बंद कर दें, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई कर दी जाएगी। प्रबंधकों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। बीईओ को निर्देशित किया गया है कि वह अवैध विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को पास के परिषदीय विद्यालय में पंजीकृत कराएं और अवैध विद्यालय बंद करा दें।

