Agra News: नेपाल में महामना मालवीय मिशन के विचारों का बढ़ता प्रभाव
personसंपादकीय टीम
calendar_today1 Jun 2026, 10:19 pm
location_onAgra
Morning City
आगरा।महामना मालवीय मिशन, आगरा संभाग के महासचिव राकेश चन्द्र शुक्ला ने हाल ही में अपनी नेपाल यात्रा के दौरान महामना मालवीय मिशन, नेपाल इकाई के अध्यक्ष आदरणीय आचार्य गोरखनाथ जी से आत्मीय भेंट की। यह मुलाकात अत्यंत सार्थक, प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक रही। इस अवसर पर मिशन की गतिविधियों, संगठनात्मक विस्तार तथा महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के विचारों के प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा हुई।
www.morningcity.in
आचार्य गोरखनाथ जी लंबे समय से नेपाल में महामना मालवीय जी के विचारों के प्रसार में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने महामना जी एवं मिशन से संबंधित अनेक पुस्तकों का लेखन कर इस वैचारिक अभियान को नई दिशा प्रदान की है। भेंट के दौरान उन्होंने अपनी प्रकाशित पुस्तकों की प्रतियाँ भेंट कर सम्मानित किया।
चर्चा के दौरान ज्ञात हुआ कि नेपाल में महामना मालवीय मिशन की गतिविधियाँ पिछले कई वर्षों से निरंतर संचालित हो रही हैं तथा वर्तमान में 200 से अधिक सदस्य मिशन से जुड़े हुए हैं। नेपाल में मिशन की शाखा नियमित रूप से कार्यरत है और शिक्षा, संस्कृति, राष्ट्रनिर्माण, सामाजिक समरसता तथा भारतीय जीवन मूल्यों से जुड़े महामना जी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य कर रही है।
इस अवसर पर महामना मालवीय मिशन की स्मारिका भी आचार्य गोरखनाथ जी को भेंट की गई। साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े प्रतिष्ठित सामाजिक कार्यकर्ता श्री विजय शंकर तिवारी जी से भी भेंट हुई। उन्हें महामना मालवीय मिशन के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं सदस्यता अभियान की जानकारी प्रदान की गई, जिसमें उन्होंने विशेष रुचि व्यक्त की।
आचार्य गोरखनाथ जी ने बताया कि गत वर्ष 25 दिसंबर को नेपाल में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नेपाल की पूर्व कार्यवाहक प्रधानमंत्री एवं पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्रीमती सुशीला कार्की जी ने की थी। कार्यक्रम में शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों एवं गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उन्होंने बताया कि नेपाल में महामना जी के विचारों के प्रति लोगों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है तथा मिशन की गतिविधियों को व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।
Morning City
नेपाल प्रवास के दौरान राकेश चन्द्र शुक्ला ने वहाँ के विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के दर्शन एवं पूजा-अर्चना भी की। पशुपतिनाथ, मनोकामना देवी तथा अन्य प्रमुख तीर्थस्थलों में दर्शन कर उन्होंने देश एवं समाज की उन्नति की कामना की। यात्रा के दौरान अनेक भारतीय मूल के नागरिकों, समाजसेवियों एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों से भी आत्मीय मुलाकातें हुईं।
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में विशेष रुचि होने के कारण उन्होंने नेपाल की कुछ प्रमुख नर्सरियों का भी भ्रमण किया। वहाँ स्थानीय जलवायु के अनुरूप विकसित विभिन्न पौधों एवं वृक्षों की प्रजातियों की जानकारी प्राप्त की तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता के विषय पर विचार-विमर्श किया। इस अवसर पर कुछ पौधे भी भारत लाए गए ताकि उनके संरक्षण एवं संवर्धन का प्रयास किया जा सके। साथ ही भारत से ले जाया गया प्रसाद वहाँ के मित्रों, सहयोगियों एवं शुभचिंतकों को भेंट किया गया, जिसे उन्होंने अत्यंत श्रद्धा एवं आत्मीयता के साथ स्वीकार किया।
नेपाल यात्रा के दौरान अनेक सामाजिक, शैक्षिक एवं वैचारिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों से संवाद का अवसर मिला। यह देखकर प्रसन्नता हुई कि नेपाल में भी महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के राष्ट्रवादी, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक विचारों के प्रति गहरा सम्मान एवं उत्साह विद्यमान है। चर्चा के दौरान भविष्य में अन्य देशों में भी महामना मालवीय मिशन के विस्तार की संभावनाओं पर विचार किया गया।
राकेश चन्द्र शुक्ला ने कहा कि यह यात्रा मिशन के अंतरराष्ट्रीय प्रभाव, उसकी गतिविधियों तथा नेपाल में उसके बढ़ते जनाधार को निकट से समझने का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध हुई। यह अनुभव इस बात का प्रमाण है कि महामना पंडित मदन मोहन मालवीय जी के विचार आज भी सीमाओं से परे जाकर समाज को प्रेरित कर रहे हैं तथा उनके आदर्शों पर आधारित संगठनात्मक कार्य निरंतर नई दिशाओं में आगे बढ़ रहा है।
