Hathras News: एमएलसी चुनाव में बूथों पर सियासी घमासान, मतदाताओं की कतारों से गरमाया माहौल

personसंपादकीय टीम
calendar_today23 Oct 2026, 09:47 pm
location_onHathras

16 केंद्रों पर सुबह से उमड़ी मतदाताओं की भीड़, प्रत्याशियों के समर्थक पर्चियां बांटने में जुटे

नए वोटरों में दिखा जोश, सुरक्षा के बीच हुआ शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान

Morning City

हाथरस। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव के मतदान ने शुक्रवार को जिले में सियासी माहौल गरमा दिया। सुबह आठ बजे मतदान शुरू होते ही 16 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लग गईं। शिक्षक और स्नातक मतदाताओं के साथ नए वोटरों में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। मतदान केंद्रों के बाहर विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों ने अपने-अपने बिस्तर जमा लिए। यहां मतदाताओं को पर्चियां देने और वोटरों के नाम तलाशने की होड़ लगी रही।जनपद में कुल 16365 मतदाताओं को मतदान करना था। हाथरस सदर, सादाबाद, सिकन्द्राराऊ, मुरसान, हसायन, सासनी और सहपऊ सहित विभिन्न क्षेत्रों में मतदान केंद्र बनाए गए थे। शहर के बागला इंटर कॉलेज में भी दिनभर मतदाताओं की आवाजाही बनी रही। केंद्र से 100 मीटर की दूरी पर लगाए गए प्रत्याशियों के बिस्तरों पर समर्थकों की भीड़ दिखाई दी। भाजपा, समाजवादी पार्टी, आजाद समाज पार्टी तथा निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थक मतदाताओं को पर्चियां उपलब्ध कराते नजर आए।
फोटो -मतदान केंद्र का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश पटेल व  पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा
फोटो -मतदान केंद्र का निरीक्षण करते जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश पटेल व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा

डीएम-एसपी ने परखी मतदान व्यवस्था

जिला निर्वाचन अधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मुरसान विकासखंड, पीबीएस इंटर कॉलेज, हसायन विकासखंड, गौरीशंकर हिंदू इंटर कॉलेज सिकन्द्राराऊ, केएल जैन इंटर कॉलेज सासनी, विकासखंड सादाबाद और ब्लॉक सहपऊ के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पीठासीन अधिकारियों से मतदान की प्रगति की जानकारी लेते हुए निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने मतदान कक्षों में अनावश्यक सामग्री नहीं रखने, मतपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने और माइक्रो ऑब्जर्वर को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
फोटो - मतदान कर वापस आती पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर व पूर्व सांसद राजेश दिवाकर
फोटो - मतदान कर वापस आती पालिकाध्यक्ष श्वेता दिवाकर व पूर्व सांसद राजेश दिवाकर

एक ही पते पर अलग-अलग बूथ का मुद्दा उठा

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने मतदान व्यवस्था से जुड़ी विसंगति का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि उनका और उनकी पत्नी डॉ. छवि वार्ष्णेय का पता एक ही है, लेकिन दोनों के मतदान केंद्र अलग-अलग निर्धारित किए गए। उनका मतदान क्षेत्र पंचायत में, जबकि पत्नी का मतदान केंद्र बागला कॉलेज में बनाया गया। उन्होंने मतदाता सूची और मतदान केंद्रों से जुड़ी विसंगतियों के नियमानुसार सत्यापन की जरूरत बताई।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi