Mainpuri News: दलित किशोरी से छेडछाड़ के आरोपी को जेल भेजा
personसंपादकीय टीम
calendar_today23 Feb 2026, 10:48 pm
location_onMainpuri
स्कूल जाते समय छात्रा से की थी छेडछाड़, चल रहा था फरार
भोगांव/मैनपुरी। थाना क्षेत्र के एक गांव में दस दिन पूर्व स्कूल जा रही एक नाबालिग दलित छात्रा के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Morning City
घटना बीते 13 फरवरी की है। पीड़ित पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, उनकी नाबालिग पुत्री रोज की तरह सुबह स्कूल जा रही थी। रास्ते में गांव के ही एक अधेड़ व्यक्ति ने छात्रा को अकेला पाकर उसे रोक लिया और उसके साथ अश्लील हरकतें व छेड़छाड़ शुरू कर दी। इस घटना से छात्रा बुरी तरह सहम गई और किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंची। घर पहुंचकर उसने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिवार और समाज में भारी आक्रोश फैल गया। इस शर्मनाक घटना की जानकारी मिलते ही दलित बस्ती के लोगों में भारी रोष व्याप्त हो गया था। नाराज ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय परिसर में एकत्रित होकर बच्चों के साथ जमकर प्रदर्शन किया था। ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए। तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर 18 फरवरी को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार प्रातःकाल, पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। इस सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने घेराबंदी कर परतापुर पुल के नजदीक से आरोपी मिलाप सिंह पुत्र ऊदल सिंह (निवासी ग्राम सरैया) को गिरफ्तार कर लिया।
Morning City
क्या बोले थाना प्रभारी
कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक लिखापढ़ी के बाद न्यायालय भेज दिया गया है।- प्रदीप कुमार पांडेय, थाना प्रभारी।
