Agra News: बिल मांगते ही भड़के 'अफसर' बनकर पहुंचे युवक, रेस्टोरेंट में हंगामा; बुलडोजर चलवाने की दी धमकी

personसंपादकीय टीम
calendar_today30 Jul 2026, 10:50 pm
location_onAgra

एडी बेसिक का बोर्ड लगी गाड़ी से पहुंचे थे तीन युवक, कर्मचारियों से मारपीट का आरोप; पुलिस ने तीनों पर दर्ज किया मुकदमा

आगरा। सदर बाजार स्थित एक रेस्टोरेंट में बिल मांगने पर जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि एडी बेसिक (उत्तर प्रदेश सरकार) का बोर्ड लगी गाड़ी से पहुंचे तीन युवकों ने खाना खाने के बाद बिल देने से इनकार कर दिया। विरोध करने पर उन्होंने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट की तथा रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलवाने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। रेस्टोरेंट संचालक की तहरीर पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सदर बाजार स्थित 'मामा फ्रेंकी रेस्टोरेंट' के संचालक हिमांशु सचदेवा के अनुसार, बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे एडी बेसिक का बोर्ड लगी एक गाड़ी से तीन युवक रेस्टोरेंट पहुंचे। तीनों ने खाना खाया, जिसके बाद करीब 800 रुपये का बिल बना। आरोप है कि जब कर्मचारियों ने बिल का भुगतान करने के लिए कहा तो युवक आगबबूला हो गए और अभद्रता करने लगे।

www.morningcity.in

रेस्टोरेंट संचालक का आरोप है कि युवकों ने खुद को सरकारी अधिकारी बताते हुए रौब झाड़ा और कहा कि यदि ज्यादा बात की गई तो रेस्टोरेंट पर बुलडोजर चलवा दिया जाएगा। इस दौरान कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और माहौल बिगाड़ने के लिए गाड़ी का हूटर भी लगातार बजाया गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना पर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जब युवकों से पूछताछ करने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर थाना सदर बाजार ले गई।
रेस्टोरेंट संचालक हिमांशु सचदेवा की तहरीर पर थाना सदर बाजार पुलिस ने रंजीत सिंह, ताराचंद और विशाल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि सरकारी पद और सरकारी बोर्ड के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो उस संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस खबर को शेयर करें:
WFX
homeहोमplay_circleवीडियोcurrency_rupeeशेयर बाजारnewspaperई-पेपर
Subscribe NowSanskrit Teaching in Hindi